जानकारी के अनुसार मुण्डेरवा थाना क्षेत्र के मुडिला गांव निवासी अरूण चौधरी (35) पुत्र जगराम चौधरी का शव शनिवार को गांव से 5 सौ मीटर दूर सड़क पर पाया गया। उसके सिर, कनपटी और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान मिले हैं। उधर से गुजर रहे लोगों ने सडक किनारे एक युवक को मृत पडा देखा तो अन्य लोगों को सूचना दी। मौके पर लोग जुटे, पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया।
पत्नी में परिवार वालों पर लगाया हत्या का आरोप
शव की पहचान अरूण चौधरी के रूप में हुई। वह परिवार का अकेला वारिश था। उसकी पत्नी सविता ने परिवार वालों पर ही अपने पति की हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतक की पत्नी का कहना है कि बीती रात उसके पति और अन्य परिजनों में विवाद हुआ था। आरोप लगाया है कि उसकी हत्या उसके पिता, बहनों और अन्य रिश्तेदारों ने मिलकर की है। घटना की सूचना पाकर एसपी आशीष श्रीवास्तव, एएसपी दीपेन्द्रनाथ चौधरी, सीओ रूधौली सार्थक सेंगर भी मौके पर पहुंचे।
सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत
सीओ रूधौली ने बताया कि ओडवारा गांव के तिराहे के करीब एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा होने की सूचना प्राप्त हुई। शव की शिनाख्त अरूण चौधरी के रूप में हुई। बताया कि पता चला है कि वह शराब के सेवन का आदी था। उसकी पत्नी ने ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। उसकी तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
रुधौली बस्ती से अजय पांडे की रिपोर्ट
No comments:
Post a Comment