Breaking






Sep 2, 2022

चाकू से गोदकर महिला की हत्या में भांजा समेत दो नामजद

बस्ती जिले के वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के कठनौली गांव में चाकू से गोद कर महिला की हत्या के आरोप में पुलिस ने मृतका के भांजे समेत दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष योगेश कुमार सिंह ने बताया कि हत्या का केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। उसके दूसरे सहयोगी को भी ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। हत्या के पीछे का मकसद आरोपी की धरपकड़ के बाद ही पूरी तरह साफ हो सकेगा।

धान की निराई करने बुधवार की शाम करीब पांच बजे वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के कठनौली गांव निवासी राधिका देवी (60) पत्नी स्व. जनार्दन प्रसाद खेत में गई थीं। देर तक वह वापस नहीं आईं तो उनका बेटा गुड्डु देखने खेत में गया। देखा कि मां खून से लथपथ खेत में पड़ी थी। उनकी ही साड़ी से उनका दोनों हाथ बांधा गया था। उसने शोर मचाया तो और लोग वहां जमा हो गए। राधिका देवी को निजी वाहन से लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया था।    

मृतका राधिका देवी के बेटे अशोक कुमार ने तहरीर देकर बताया है कि उनकी मां बुधवार की देर शाम धान के खेत में निराई करने गई थीं। आरोप है कि तभी वहां पहले से घात लगाकर बेटे अनिल कुमार निवासी मड़वानगर व उसके एक अन्य साथी ने धारदार हथियार से मां के गले, पीठ व सिर पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। आरोपी अनिल राधिका देवी की ननद का बेटा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।    

राधिका की हत्या का आरोप उनके भांजे अनिल पर है, जो मड़वानगर में रहता है। 42 वर्षीय अनिल के पिता रामफेर पिछले कई महीने से राधिका के घर पर ही रह रहे थे। उन्होंने पूछताछ में बताया कि उनका आरोपी बेटा उन्हें भी जान से मारने की धमकी दिया करता था, जिससे डरकर वह कठनौली गांव स्थित अपनी ससुराल आ गए थे। इसके बाद से उनका बेटा उन्हें अपने साथ मड़वानगर स्थित घर पर ले जाने का दबाव बना रहा था। आरोपी अनिल ने इन सबके बीच अपनी मामी को क्यों मौत के घाट उतारा, इसका सटीक जवाब अभी पुलिस के पास भी नहीं है। थानाध्यक्ष का कहना है कि दबिश जारी है। जल्द ही आरोपी अनिल व उसकी साथी पुलिस की गिरफ्त में होगा।    

            रुधौली बस्ती से अजय पांडे की रिपोर्ट

No comments: