Aug 31, 2022

पड़रिया चेत सिंह गांव में तनाव, पुलिस व पीएसी तैनात

रुधौली (बस्ती)। झूठी शान की खातिर हुई ट्रैक्टर चालक अंकित की हत्या व युवती की मौत के चौथे दिन मंगलवार को भी पड़रिया चेत सिंह गांव में तनाव बना रहा। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने की वजह से पुलिस प्रशासन सतर्क है। गांव में पुलिस व पीएसी के जवान गश्त कर रहे हैं।
वहीं, गांव के लोग इसकी चर्चा करने से कतरा रहे हैं। पुलिस उन सभी कड़ियों को जोड़ने में जुटी है, जिसे लेकर लोगों के मन में आशंका है। कमाने वाले बेटे की हत्या से विचलित अंकित की मां और परिवार के लोग तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी से संतुष्ट तो हैं, लेकिन कठोर सजा से कम उन्हें कुछ मंजूर नहीं है।     
पड़रिया चेत सिंह निवासी अंकित (18) गांव के ही एक व्यक्ति का ट्रैक्टर चलाता था। पुलिस के अनुसार, उसका ट्रैक्टर मालिक की बहन से प्रेम संबंध था। दोनों के परिवारों को इसकी जानकारी थी। कुछ दिन पहले लड़की के भाइयों ने अंकित को चेतावनी दी थी। 26 अगस्त की रात अपने घर में दोनों को एक साथ देख लड़की के भाई आपा खो बैठे और गला दबाकर अंकित की हत्या कर दी।
एएसपी दीपेंद्र चौधरी का कहना है कि हत्यााकरने के बाद तीनों आरोपी अंकित के शव को ठिकाने लगाने के लिए घर से निकले। आंख के सामने प्रेमी की हत्या होते देख युवती ने घर में रखा कीटनाशक पी लिया। तीनों भाई अंकित के शव को जब गन्ने के खेत में फेंककर घर लौटे तो लड़की की मौत हो चुकी थी। इन लोगों ने मस्जिद से एलान करवाने की रस्म अदा करने के बाद शनिवार सुबह करीब 10 बजे युवती के शव को कब्रिस्तान में दफन कर दिया। दोपहर चार बजे के करीब गांव के एक व्यक्ति ने गन्ने के खेत में युवक का शव देखा। शव की पहचान अंकित के रूप में की गई। पुलिस ने डीएम के आदेश पर उसी रात युवती के शव को कब्र से निकलवाया। अंकित की मां की तहरीर पर तीन लोगों को नामजद करते हुए केस दर्ज किया। सोमवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया   

     रुधौली बस्ती से अजय पांडे की रिपोर्ट

No comments: