करनैलगंज/ गोण्डा - कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के ग्राम पंचायत चकरौत के हरदयाल पुरवा में हुई खूनी वारदात ने अब हत्या का रूप ले लिया है। शराब के नशे में 4 लोगों द्वारा धारदार हथियार से किए गए जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल शिव शंकर की इलाज के दौरान मौत हो गई है।
बताया जा रहा है कि घायल शिव शंकर पुत्र राम बहादुर को पहले सीएचसी करनैलगंज से जिला अस्पताल गोंडा रेफर किया गया था, जहाँ से हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया था। लखनऊ में इलाज के दौरान आज उसने दम तोड़ दिया।
सोमवार रात्रि में हुई थी वारदात
परिजनों के अनुसार सोमवार रात तीनों आरोपी शराब पीकर आए और अचानक शिव शंकर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और लहूलुहान हालत में उसे अस्पताल ले गए।
पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल, न्याय की गुहार
मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल है। उसने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पत्नी ने आरोप लगाया कि उसके पति को चार लोगों ने मिलकर शराब पीकर मारा।
घटना की सूचना पर पुलिस जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और तहरीर के आधार पर हत्या सहित संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
No comments:
Post a Comment