Nov 14, 2026

भरथापुर के विस्थापित परिवारों के लिए बन रहे स्मार्ट ग्राम भरतपुर का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

 भरथापुर के विस्थापित परिवारों के लिए बन रहे स्मार्ट ग्राम भरतपुर का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

बहराइच, । प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के अनुपालन में कतर्नियाघाट वन्यजीव विहार की गोद में बसे दूरस्थ ग्राम भरथापुर के विस्थापित परिवारों के पुनर्वास हेतु ग्राम सेमरहना में विकसित किए जा रहे स्मार्ट ग्राम भरतपुर का जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता एवं अन्य अधिकारियों के साथ निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्मार्ट ग्राम के अवशेष निर्माण कार्यों को युद्ध स्तर पर, निर्धारित मानकों तथा उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप प्रत्येक कार्य की गुणवत्ता और समय-सीमा पर विशेष ध्यान दिया जाए।आवासों के निरीक्षण के दौरान डीएम ने प्लास्टर सहित आवासों के शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही आबादी के पास पार्क निर्माण और जल निकासी हेतु निर्माणाधीन नाली के कार्य को समय पर पूरा करने का आदेश दिया।जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को मेनगेट के पोल को स्थानांतरित करने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रभागीय वनाधिकारी, कतर्नियाघाट को उपलब्ध भूमि पर शोभाकार पौधरोपण कराने का सुझाव दिया, जिससे स्मार्ट ग्राम की सुंदरता में चार चांद लगेंगे।निरीक्षण के दौरान बताया गया कि विद्युत, लोक निर्माण, पीडब्ल्यूडी एवं अन्य संबंधित विभागों द्वारा ग्राम में आवास, सड़क, विद्युत तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास कार्य प्रगति पर हैं। इससे पूर्व के निरीक्षणों में भी आवासीय भवनों का निर्माण लिंटर स्तर तक पूर्ण होने और विद्युत लाइनों के बिछाए जाने की जानकारी मिली थी।डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्राम की महिलाओं को स्वरोजगार एवं रोजगार के अवसरों से जोड़ने के प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि स्मार्ट ग्राम न केवल आवास और बुनियादी सुविधाओं का ही नहीं, बल्कि स्थायी आजीविका के अवसरों का भी केंद्र बने।इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी कतर्नियाघाट अपूर्व दीक्षित, उपजिलाधिकारी मिहींपुरवा (मोतीपुर) मोनालिसा जौहरी, पीडी डीआरडीए मनीष कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी चंद्रभान सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी निहारिका विश्वकर्मा तथा खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।उल्लेखनीय है कि भरथापुर के विस्थापित परिवारों के पुनर्वास के लिए सेमरहना में ‘भरतपुर कॉलोनी’ विकसित की जा रही है, जिसमें प्रत्येक परिवार को 748 वर्ग फुट भूमि का पट्टा तथा आवास, सड़क, बिजली, पानी, पार्क और एलईडी लाइट जैसी सुविधाएं देने की योजना है।

No comments: