गोण्डा - विगत 12/13.10.2026 की रात्रि में कहोबा-डुमरियाडीह रोड के किनारे स्थित कम्पोजिट अंग्रेजी शराब की दुकान में चोरी की घटना तथा दिनांक 22/23.10.2026 की रात्रि में ग्राम कुंदुरखी स्थित देशी शराब की दुकान एवं दो घरों में चोरी की घटनाएं घटित हुई थीं। उक्त घटनाओं के संबंध में थाना मोतीगंज पर क्रमशः मु0अ0सं0 224/2026 धारा 305, 331(4) बीएनएस, मु0अ0सं0 239/2026 धारा 305(क), 331(4) बीएनएस एवं मु0अ0सं0 240/2026 धारा 305, 331(4) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किए गए थे।
मामले में थाना मोतीगंज क्षेत्र में चोरी की घटनाओं के अनावरण एवं चोरी गए माल की बरामदगी हेतु पुलिस टीम क्षेत्र में भ्रमणशील थी। इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना प्राप्त हुई कि चोरी की घटनाओं में संलिप्त व्यक्ति मोटरसाइकिल से कुन्दरुखी की तरफ से आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा चैनवापुर के पास घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल सवार दोनों व्यक्ति भागने लगे, जिन्हें पुलिस टीम ने घेरकर पकड़ लिया। गिरफ्तार व्यक्तियों में गैंग का सरगना आशीष कुमार मिश्रा पुत्र भानु प्रताप मिश्रा व उसका बालअपचारी साथी शामिल हैं। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से चोरी के 02 जोड़ी पायल (सफेद धातु), 02 जोड़ी बिछिया, देशी शराब के 23 टेट्रा पैक तथा ₹30,600/- नकद बरामद किए गए। इसके अतिरिक्त चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त होने वाले आला नकब के रूप में 01 अदद सब्बल एवं 01 अदद पेचकस भी बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त को नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही हेतु न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त आशीष कुमार मिश्रा ने बताया कि उसने अपने साथियों अभिषेक तिवारी एवं कल्लू सोनकर तथा विधि का उल्लंघन करने वाले किशोर के साथ मिलकर दिनांक 12/13.10.2026 की रात्रि में कहोबा-डुमरियाडीह रोड स्थित कम्पोजिट अंग्रेजी शराब की दुकान की खिड़की तोड़कर बीयर, अंग्रेजी शराब एवं काउंटर में रखे रुपये चोरी किए थे। इसके अतिरिक्त दिनांक 22/23.10.2026 की रात्रि में ग्राम कुन्दरुखी में श्रवण कुमार मौर्य एवं राम केतार के घरों तथा देशी शराब की दुकान में चोरी की घटना कारित करना स्वीकार किया। अभियुक्त ने बताया कि चोरी किए गए सामान को बेचकर प्राप्त रुपये आपस में बांट लिए थे।
No comments:
Post a Comment