Sep 21, 2026

साइकिल सवार मजदूर को पीछे से मारी टक्कर,नाजुक में कराया गया भर्ती पुलिस ने दर्ज किया एफआईआर

 

गोण्डा - स्थानीय कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक अज्ञात बाइक चालक ने मजदूरी कर घर लौट रहे साइकिल सवार को पीछे से टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गया। मामले में पीड़ित की पत्नी माया की तहरीर पर मुकदमा दर्ज पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पीड़िता द्वारा दर्ज एफआईआर में कहा गया है कि उसके पति माधव पुत्र छेदी दिनांक 06.09.2026 को शाम करीब 6 बजे प्रतिदिन की तरह कर्नलगंज से मजदूरी करके साइकिल से घर आ रहे थे। जैसे ही वे रेलवे क्रॉसिंग कटरा शहबाजपुर पार कर रहे थे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार मोटर साइकिल स्प्लेंडर प्लस नंबर UP40 43 A.S. 2832 के अज्ञात चालक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मेरे पति मौके पर ही बुरी तरह चोटिल होकर अचेत होकर गिर पड़े। परिजनों को सूचना मिली तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्नलगंज ले गए। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने भगवान हॉस्पिटल कर्नलगंज रेफर कर दिया। वहां भी हालत बिगड़ने पर सतीश चंद्र पांडेय मेमोरियल हॉस्पिटल, गोंडा में भर्ती कराया गया। मामले में पीड़िता द्वारा कार्रवाई की मांग की गई है।


No comments: