गोण्डा - कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में समिति के समस्त पदाधिकारीगण एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों ने सहभागिता करते हुए जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और शासन की मंशा के अनुरूप निर्धारित कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करें।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं के दौरान घायलों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा पीएम कैशलेस ट्रीटमेंट स्कीम के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि दुर्घटना की स्थिति में घटनास्थल के निकटतम स्वास्थ्य केंद्र से ही घायल व्यक्तियों को आवश्यकता अनुसार सीधे निकटवर्ती एम्पैनल्ड अस्पतालों में रेफर किया जाए, जिससे उन्हें समय पर बेहतर उपचार मिल सके और बहुमूल्य जीवन की रक्षा की जा सके। उन्होंने संबंधित विभागों को इस व्यवस्था को पूरी संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ लागू करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों एवं समिति के पदाधिकारियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, यातायात नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित कराने तथा दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए। सभी अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा से जुड़े अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा जनसहभागिता बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।
बैठक में जनपद के सभी विद्यालय प्रबंधकों को कड़े निर्देश दिये गए हैं कि एक सप्ताह में अपने विद्यालय वाहन का फिटनेस करवा लें, अन्यथा की स्थिति में सभी अनफिट वाहनों को संबंधित थाने में बन्द कर दिया जायेगा। इसके साथ ही उन्होंने नो हेलमेट, नो पेट्रोल के संबंध में विभिन्न अभियान चलाये जाने के निर्देश दिये हैं।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट पंकज कुमार वर्मा, एआरटीओ प्रशासन आर.सी. भारतीय, अपर पुलिस अधीक्षक, एक्सईएएन प्रान्तीय खण्ड प्रमोद त्रिपाठी, एक्सईएएन लोक निर्माण खण्ड 1 सुरेश राम, पुलिस क्षेत्राधिकारी, ट्रैफिक स्पेक्टर, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारीगण एवं समिति के पदाधिकारीगण तथा विद्यालयों पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment