जनपद बहराइच में मण्डलायुक्त की पेंशनर्स जनसुनवाई से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को बड़ी राहत
बहराइच/गोण्डा, 22 अगस्त 2026: मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल के निर्देश पर आयोजित पेंशनर्स जनसुनवाई के जरिए जनपद बहराइच के कई सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित सेवासम्बन्धी देयों का निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी बहराइच अक्षय त्रिपाठी ने बताया कि कुल रु. 27,01,616 से अधिक की धनराशि लाभार्थियों को भुगतान की गई, जिससे सेवानिवृत्त कर्मचारियों के चेहरे खिले।21 अगस्त को आयोजित संध्या संवाद में सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने जीपीएफ और अन्य देयों के लंबित भुगतान की शिकायतें मण्डलायुक्त के समक्ष रखीं। मण्डलायुक्त की निर्देशानुसार जिलाधिकारी त्रिपाठी ने संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक औपचारिकताएँ पूर्ण कराकर प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण सुनिश्चित कराया। इस के फलस्वरुप हरी प्रसाद वर्मा, भगौती प्रसाद, सुशील कुमार यादव, राज कुमार, जग प्रसाद सहित अन्य पात्र कर्मचारियों को उनका बकाया भुगतान प्रदान किया गया। प्राप्त अन्य प्रार्थनापत्रों को अग्रिम कार्रवाई के लिए पेंशन निदेशालय को संदर्भित कर दिया गया है।मण्डलायुक्त ने पेंशनधारकों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिये हैं। इसके अनुरूप मण्डल के समस्त कार्यालयाध्यक्ष/आहरण‑वितरण अधिकारी हर माह के प्रथम सोमवार को प्रातः 10:00 से मध्यान्ह 12:00 बजे तक पेंशन सम्बन्धी प्रकरणों की सुनवाई करेंगे। साथ ही, कार्यालयाध्यक्ष/आहरण‑वितरण अधिकारियों को पिछले 5 वर्षों में सेवानिवृत्त हुए शासकीय कर्मियों के पावनों की सूचना और आगामी 6 माह में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की सूची वरिष्ठ कोषाधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिये गये हैं।
जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध व पारदर्शी निस्तारण जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों के देयों का भुगतान केवल प्रशासनिक जिम्मेवारी नहीं, बल्कि उनके सम्मान व अधिकार का मामला भी है। लंबे समय से लंबित भुगतान मिलने पर लाभार्थियों ने मण्डलायुक्त और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया और कहा कि पेंशनर्स कार्यक्रम के माध्यम से उनकी 5 वर्ष पुरानी समस्या का समाधान हो गया है, जिससे उन्हें बड़ी आर्थिक राहत मिली है।


No comments:
Post a Comment