गोण्डा - मंगलवार को आगामी पर्व के दृष्टिगत पुलिस लाइन सभागार, गोण्डा पुलिस महानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र अशोक कुमार शुक्ला द्वारा पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल के साथ लजनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारी, प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्षों के साथ एक समीक्षा एवं समन्वय गोष्ठी आयोजित की गई। इस दौरान आगामी पर्वों को विगत वर्षों की भांति शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था के साथ संपन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक का मुख्य उद्देश्य सावन माह एंव आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, धार्मिक स्थलों की सुरक्षा एवं आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण आदि रहा।
पुलिस उपमहानिरीक्षक देविपाटन परिक्षेत्र गोण्डा अशोक कुमार शुक्ला द्वारा समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि आगामी त्यौहारों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराने हेतु अपने-अपने थाना क्षेत्रों में अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी, नियमित पैदल गश्त, रात्रि गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों/वाहनों की चेकिंग सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। धार्मिक कार्यक्रमों, जुलूसों एवं शोभायात्राओं के आयोजकों से समन्वय स्थापित कर निर्धारित मार्ग एवं व्यवस्थाओं का पालन सुनिश्चित कराने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रामक सूचना को फैलने से रोकने हेतु सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में लंबित अभियोगों, गंभीर एवं जघन्य अपराधों, वांछित अभियुक्तों, वारंटियों तथा विवेचनाओं की स्थिति की समीक्षा की गयी। साथ ही जनसुनवाई को प्राथमिकता देते हुए थाने पर आने वाले फरियादियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने एवं उनकी शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल द्वारा समस्त राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत थाना स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर उसे धरातल पर लागू किया जाए। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर कानून-व्यवस्था का जायजा लें तथा छोटी से छोटी सूचना को भी गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। सार्वजनिक एवं संवेदनशील स्थानों, धार्मिक स्थलों, बाजारों, बस स्टैण्ड, रेलवे स्टेशन एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त एवं चेकिंग की जाए। त्यौहारों के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु यातायात पुलिस एवं थाना पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी, सक्रिय अपराधियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई, अवैध शराब, मादक पदार्थ एवं अवैध शस्त्रों की तस्करी/बिक्री के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाया जाए। अपराध घटित होने से पूर्व उसकी रोकथाम हेतु बीट पुलिसिंग एवं मुखबिर तंत्र को और अधिक सक्रिय किया जाए। महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई, महिला बीट अधिकारियों द्वारा नियमित भ्रमण एवं महिलाओं/बालिकाओं से संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए गए। त्यौहारों के दौरान पुलिस की मौजूदगी एवं सक्रियता स्पष्ट रूप से दिखाई देनी चाहिए तथा किसी भी परिस्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। सभी अधिकारी स्वयं क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करें और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को सदैव अलर्ट मोड में रखें। आपसी समन्वय, टीम भावना एवं पूर्ण सतर्कता के साथ कार्य करते हुए आगामी त्यौहारों को शांतिपूर्ण, सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय, समस्त क्षेत्राधिकारी सहित सभी प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन, यातायात प्रभारी तथा अन्य शाखाओं के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment