Aug 24, 2026

औचक निरीक्षण में बीएसए का क्वालिटी चेक, बच्चों के साथ बैठकर खाया मिड-डे-मील

 औचक निरीक्षण में बीएसए का क्वालिटी चेक, बच्चों के साथ बैठकर खाया मिड-डे-मील

जरवल रोड, (बहराइच) जिले में संचालित परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों को सुनिश्चित करने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह ने सोमवार को  विकास खण्ड जरवल के प्राथमिक विद्यालय मुड़ियाडीह में बच्चों के साथ बैठकर मिड-डे मील खाया। बीएसए ने औचक निरीक्षण में विद्यालय में नामांकित 65 में से 52 छात्र उपस्थित मिले। इस दौरान उन्होंने मध्यावकाश में छात्रों को परोसे जा रहे मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं का क्वालिटी चेक किया। बीएसए ने बच्चों के साथ बैठकर भोजन की गुणवत्ता, स्वाद एवं पौष्टिकता का जायजा लिया। उन्होंने बच्चों से भोजन की गुणवत्ता के संबंध में सीधे संवाद करते हुए उनकी राय भी जानी। श्री सिंह के निरीक्षण के दौरान यह जानकारी मिलने पर उनके द्वारा विशेष प्रसन्नता व्यक्त की गई कि विद्यालय के किचन गार्डन में उगाई गई ताजी सब्जियों का प्रयोग एमडीएम तैयार करने में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किचन गार्डन बच्चों को पोषण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है। विद्यालय में भोजन की स्वच्छता, रसोईघर की साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव, भोजन परोसने की व्यवस्था पर संतोष जताया।

बीएसए ने स्पष्ट किया कि मिड-डे मील की शुद्धता और सुव्यवस्थित तरीके से संचालन सुनिश्चित करना शिक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी बीईओ और शिक्षकों को निर्देश दिए कि निरीक्षण के समय वे स्वयं बच्चों के साथ पंक्ति में बैठकर भोजन करें और बच्चों के पोषण एवं अनुशासन का पालन सुनिश्चित करें। निरीक्षण के अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी जरवल अरविन्द बहादुर सिंह, प्रधानाचार्य ऋचा त्रिपाठी एवं सहायक अध्यापक शैलेन्द्र सिंह सहित विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।

No comments: