Aug 13, 2026

गोंडा के विकास में सहभागी बनें जन सूचना अधिकारी : राज्य सूचना आयुक्त







गोण्डा  -  राज्य सूचना आयुक्त डॉ. दिलीप अग्निहोत्री गुरुवार को गोंडा पहुंचे। गोंडा पहुंचकर उन्होंने कहा कि गोंडा तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। विकास की इस यात्रा में जन सूचना अधिकारियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन की योजनाओं, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों से संबंधित सूचनाएं पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ उपलब्ध कराई जाएं, ताकि जानकारी के अभाव में कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

राज्य सूचना आयुक्त ने कहा कि कभी विकास की दौड़ में पीछे माना जाने वाला गोंडा आज तेजी से आगे बढ़ रहा है। जनपद में निवेश का माहौल बेहतर हो रहा है और युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों मुख्यमंत्री द्वारा गोंडा में 500 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया था। इन परियोजनाओं से जनपद के विकास को नई गति मिलेगी और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने कहा कि पहले गोंडा में मेडिकल कॉलेज की कल्पना तक नहीं की जाती थी, लेकिन आज यहां मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहा है। इसके अलावा इंजीनियरिंग और एग्रीकल्चर कॉलेज जैसी उच्च शिक्षण संस्थाएं भी जिले में संचालित हैं। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार विस्तार हो रहा है। स्कूल, अस्पताल, सड़क, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास से जनपद में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है।

डॉ. अग्निहोत्री ने कहा कि कृषि क्षेत्र में भी गोंडा नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्राकृतिक खेती का दायरा लगातार बढ़ रहा है, जिससे किसानों को टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि घर-घर सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं। इससे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलने के साथ ही ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में भी महत्वपूर्ण प्रगति हो रही है।

राज्य सूचना आयुक्त ने जन सूचना अधिकारियों से कहा कि सूचना का अधिकार अधिनियम प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। जन सूचना अधिकारी आवेदकों को नियमानुसार स्पष्ट एवं समयबद्ध सूचना उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि सूचना व्यवस्था जितनी प्रभावी होगी, जनता और प्रशासन के बीच विश्वास एवं संवाद उतना ही मजबूत होगा।

उन्होंने कहा कि जन सूचना अधिकारी केवल सूचना उपलब्ध कराने तक सीमित न रहें, बल्कि विकास योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में भी अपनी भूमिका निभाएं। इससे शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और गोंडा के विकास में जनभागीदारी बढ़ाने में मदद मिलेगी।

No comments: