नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई-एआरटीओ
गोण्डा - शासन के निर्देशों के अनुपालन में स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा स्कूल वाहनों के विरुद्ध सघन जांच एवं प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एआरटीओ प्रशासन आर.सी. भारतीय के नेतृत्व में परिवहन विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने थाना परसपुर क्षेत्र में विभिन्न विद्यालयों में संचालित स्कूल वाहनों की जांच की।
जांच के दौरान पीपीएन पब्लिक स्कूल, पुरैना परसपुर, गोण्डा के बच्चों को ले जा रही निजी ईसीसीओ वैन तथा डैफोडिल पब्लिक स्कूल, जलहुआ परसपुर, गोण्डा में बच्चों के परिवहन में लगी निजी मारुति वैन को फिटनेस फेल एवं अन्य अनियमितताओं के कारण सीज किया गया। इसके अतिरिक्त काशी प्रसाद मेमोरियल पब्लिक स्कूल की एक बस तथा बेनी माधव इंटर कॉलेज की दो बसों के विरुद्ध भी फिटनेस फेल एवं अन्य अभियोगों में कार्रवाई करते हुए उन्हें सीज किया गया।
अभियान के दौरान थाना परसपुर क्षेत्र के अंतर्गत संचालित स्कूल वाहनों के फिटनेस, परमिट तथा विद्यालयों में वाहनों के अधिकृत संचालन आदि की जांच की गई। जांच में अनियमितताएं पाए जाने पर कुल 5 स्कूल वाहनों को जब्त/सीज किया गया।
एआरटीओ प्रशासन ने सभी विद्यालयों के प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने विद्यालयों में संचालित सभी वाहनों के फिटनेस, परमिट, बीमा, पीयूसीसी (PUCC) सहित अन्य आवश्यक प्रमाण-पत्रों को तत्काल अद्यतन करा लें। बिना वैध दस्तावेजों एवं निर्धारित मानकों के किसी भी स्कूल वाहन का संचालन न किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
शासन के निर्देशानुसार स्कूल वाहनों के विरुद्ध यह विशेष प्रवर्तन अभियान पूरे अगस्त माह तक जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर वाहनों को पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा जब्त भी किया जाएगा। परिवहन विभाग ने विद्यालय संचालकों से अपील की है कि वे अभियान को गंभीरता से लेते हुए सभी वाहनों के दस्तावेज एवं सुरक्षा मानकों की समय से जांच कराकर उन्हें पूर्णतः वैध एवं अद्यतन रखें।
No comments:
Post a Comment