Jun 11, 2026

कर्नलगंज: इंसानियत का फर्ज निभा रहे चार युवकों की जिंदगी निगल गई बेकाबू कार

कर्नलगंज में दिल दहला देने वाला हादसा: घायलों को बचाने दौड़े लोगों पर चढ़ी तेज रफ्तार SUV, 4 की मौत, 5 घायल

करनैलगंज /गोण्डा - इंसानियत का फर्ज निभाना चार लोगों को भारी पड़ गया। कोतवाली कर्नलगंज क्षेत्र के अन्तर्गत गोंडा-लखनऊ हाईवे स्थित भलियनपुरवा नारायणपुर मोड़ पर बुधवार रात हुए दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल है।

पहले बाइक टकराई, फिर टूटा मौत का कहर

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब 9 बजे भलियन पुरवा नारायणपुर मोड़ के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। आवाज सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े और घायलों को उठाने लगे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार एसयूवी अनियंत्रित होकर भीड़ में घुस गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि लोग कई फीट दूर जा गिरे। मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

4 की मौके पर मौत, 5 घायल

ग्रामीणों ने तुरंत 108 एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। सभी घायलों को सीएचसी कर्नलगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों के नाम:
1. गुलशन 25 वर्ष पुत्र शत्रोहन, निवासी सूर्यवंशन पुरवा, नारायणपुर मांझा
2. संजय कुमार तिवारी उम्र 37 वर्ष पुत्र कृष्णपाल तिवारी निवासी तरहटा 
3. हसन मोहम्मद 40 वर्ष पुत्र हैदर अली निवासी भलियन पुरवा नारायणपुर मांझा
4. इम्तियाज अली पुत्र हैदर अली 27 वर्ष निवासी भलियनपुरवा नारायणपुर मांझा

घायलों के नाम:  अलताफ 22 वर्ष पुत्र हैदर अली निवासी सूर्यवंशम पुरवा नारायनपुर मांझा, तबरेज आलम पुत्र हुसैन अली 19 वर्ष निवासी सूर्यवंशम पुरवा नारायनपुर मांझा, विनय प्रताप सिंह उर्फ शनी सिंह 26 वर्ष पुत्र संजय सिंह निवासी करुआ, अंशुमान 10 वर्ष पुत्र शत्रोहन सूर्यवंशम पुरवा नारायनपुर मांझा, और परवेज 17 वर्ष पुत्र हसन अली सूर्यवंशम पुरवा नारायनपुर मांझा।

इसमें से तीन की हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

पुलिस ने चालक सहित कार को लिया हिरासत में 

हादसे के बाद एसयूवी चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। कर्नलगंज पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

हादसे की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय विधायक अजय सिंह व एएसपी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच कर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें ढाढस बंधाते हुए हर संभव सहायता का भरोसा दिया।


गांवों में पसरा मातम, परिजन हो रहे बेसुध 

एक साथ चार मौतों की खबर से नारायणपुर मांझा और तरहटा गांव में कोहराम मच गया। मृतकों के घरों पर लोगों की भीड़ लगी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतकों के परिजनों को मुआवजा और घायलों का बेहतर इलाज कराने की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है। प्रथम दृष्टया हादसे की वजह तेज रफ्तार व एसयूवी चालक की लापरवाही मानी जा रही है।

No comments: