Jun 24, 2026

जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया स्थलीय निरीक्षण


गोण्डा  - जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने तहसील तरबगंज अंतर्गत सकरौर-भिखारीपुर तटबंध तथा बाढ़ संभावित क्षेत्रों सनौली मोहम्मदपुर, गोडियन पुरवा एवं ऐलीपरसौली का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ सुरक्षा एवं बचाव तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने तटबंधों की स्थिति, संवेदनशील स्थलों, कटान प्रभावित क्षेत्रों तथा बाढ़ सुरक्षा कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बरसात के मौसम से पूर्व सभी आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि संभावित बाढ़ की स्थिति में जनधन की हानि को रोका जा सके। उन्होंने तटबंधों की नियमित निगरानी करने तथा कमजोर स्थलों को चिन्हित कर तत्काल आवश्यक मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बरसात से पूर्व सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाढ़ चौकियों की स्थापना, राहत एवं बचाव सामग्री की उपलब्धता, नावों की व्यवस्था, आपदा प्रबंधन उपकरणों की स्थिति तथा आपातकालीन कार्ययोजना की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि बाढ़ से संबंधित सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के ग्रामीणों को संभावित जोखिमों के प्रति जागरूक किया जाए तथा समय-समय पर आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही राहत शिविरों, पेयजल, खाद्यान्न एवं चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था, तथा पशुओं के लिए सभी व्यवस्थायें भी पहले से सुनिश्चित कर ली जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा बाढ़ से बचाव एवं राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी निर्धारित दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए तैयारियों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, उपजिलाधिकारी तरबगंज प्रदीप कुमार, एक्सईएन बाढ़ खण्ड जय सिंह, जिला आपदा विशेषज्ञ राजेश श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments: