गोण्डा - विकास भवन परिसर में हब फॉर इंपॉवरमेंट ऑफ वूमेन की टीम द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, कानूनी सहायता सेवाओं तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को उनके अधिकारों की जानकारी देते हुए उन्हें आत्मनिर्भर एवं जागरूक बनने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर शिवेन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों एवं उपलब्ध सरकारी योजनाओं की जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे योजनाओं का लाभ प्राप्त कर अपने जीवन स्तर में सुधार ला सकें। जेंडर स्पेशलिस्ट ज्योत्सना सिंह ने महिलाओं को लैंगिक समानता एवं महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।
वहीं जेंडर स्पेशलिस्ट राजकुमार आर्य ने कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए महिलाओं का सशक्त एवं जागरूक होना जरूरी है तथा इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करने चाहिए। कार्यक्रम में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जैसी महत्वाकांक्षी योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि बेटियां किसी भी प्रकार से बोझ नहीं हैं। उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं आगे बढ़ने के समान अवसर प्रदान किए जाने चाहिए, जिससे वे समाज में मिसाल बनकर देश का नाम रोशन कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, स्पॉन्सरशिप योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर सेवाएं, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन एवं 181 महिला हेल्पलाइन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही संबंधित योजनाओं के पम्पलेट्स भी वितरित किए गए।
इस दौरान चाइल्ड हेल्पलाइन की काउंसलर नीतू त्रिपाठी, अलका पाण्डेय, देवीदयाल तिवारी समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment