गोण्डा - जनपद में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एआरटीओ (प्रशासन) श्री आर.सी. भारतीय द्वारा चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर मॉडिफाई साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले बुलेट वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।
चेकिंग अभियान के अंतर्गत कुल 32 बुलेट वाहनों पर कार्रवाई करते हुए उनके विरुद्ध नियमानुसार चालान की कार्यवाही की गई। इसके अतिरिक्त यातायात एवं परिवहन विभाग के नियमों का गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर 3 बुलेट मोटरसाइकिलों को सीज किया गया। कार्रवाई के दौरान मॉडिफाई साइलेंसर से अत्यधिक ध्वनि उत्पन्न करने वाले वाहनों को विशेष रूप से चिन्हित किया गया, जिससे आमजन को होने वाली असुविधा एवं ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
एआरटीओ (प्रशासन) आर.सी. भारतीय ने स्पष्ट रूप से कहा कि जनपद में सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले तथा वाहन मानकों का उल्लंघन करने वाले किसी भी वाहन को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि मॉडिफाई साइलेंसर न केवल ध्वनि प्रदूषण को बढ़ावा देते हैं, बल्कि यह सड़क सुरक्षा मानकों के भी विपरीत हैं। ऐसे वाहनों के विरुद्ध परिवहन विभाग द्वारा निरंतर अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने वाहन स्वामियों से अपील की कि सभी लोग अपने वाहनों में मानक अनुरूप उपकरणों का ही प्रयोग करें तथा यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें। साथ ही उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और नियमों का पालन कर ही सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है।
परिवहन विभाग द्वारा चलाया गया यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
No comments:
Post a Comment