May 31, 2026

कर्नलगंज : तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 14 वर्षीय बालक गंभीर घायल, जिला अस्पताल रेफर


करनैलगंज /गोण्डा - नगर क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार सुबह एक बार फिर लापरवाही और तेज गति ने एक मासूम को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना ने क्षेत्र में सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कर्नलगंज नगर के मोहल्ला बजरंग नगर मेहंदीहाता स्थित सारी पुरवा निवासी 14 वर्षीय दीपांशू रविवार सुबह करीब 10:30 बजे नवीन सब्जी मंडी से अपने घर लौट रहा था। मंडी समिति के बगल खुशियाली केंद्र के सामने पहुंचते ही भट्ठे की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दीपांशू पुत्र पिंटू के सिर में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बालक को तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायल बालक के परिजन विष्णु प्रसाद मौर्य ने कोतवाली कर्नलगंज में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि नगर क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर प्रभावी कार्रवाई न होने के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, जिससे आम नागरिकों की जान खतरे में पड़ रही है। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा नियमों के पालन और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की पोल खोल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

No comments: