जन्म से कटे होंठ और कटे तालू वाले बच्चे खिलखिलाकर मुस्कुरा सकेंगे। बच्चों की इस जन्मजात विकृति को दूर करने के लिए स्माइल ट्रेन संस्था द्वारा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जन्म से कटे होंठ एवं कटे तालू के मरीजों का निःशुल्क पंजीकरण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का आयोजन जिले के साथ-साथ ब्लॉकों में भी किया जा रहा है। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संत लाल पटेल ने दी।
उन्होंने बताया कि शिविर का आयोजन जिले पर ही नहीं बल्कि ब्लॉकों में भी किया जा रहा है। बभनजोत, छपिया एवं मनकापुर ब्लॉक के मरीजों का पंजीकरण दिनांक 11 मई को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मनकापुर में किया जायेगा। नवाबगंज , वजीरगंज, बेलसर एवं तरबगंज ब्लॉक के मरीजों का पंजीकरण 12 मई को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तरबगंज में किया जायेगा। परसपुर, हलधरमऊ, कटरा बाजार एवं कर्नलगंज ब्लॉक के मरीजों का पंजीकरण 13 मई को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कर्नलगंज में किया जायेगा एवं खरगूपुर, मुजेहना, इटियाथोक, झंझरी एवं पण्डरी कृपाल ब्लॉक के मरीजों का पंजीकरण 14 मई को डी.ई.आई.सी सेंटर जिला महिला चिकित्सालय गोण्डा में किया जाएगा। इसके अलावा समस्त ब्लॉक तथा शहरी क्षेत्र के छूटे हुए मरीजों का पंजीकरण 15 मई को डी.ई.आई.सी सेंटर जिला महिला चिकित्सालय गोण्डा में निःशुल्क पंजीकरण किया जाएगा।
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, नोडल आर.बी.एस.के डॉ सी के वर्मा ने ऐसे बच्चों के अभिभावकों के साथ-साथ आमजन से अपील करते हुए कहा कि ऐसे बच्चे यदि आपके घर में या आसपास हैं, तो उनका पंजीकरण अवश्य कराएं और बच्चों को उनके चेहरे पर मुस्कान देने में विभाग का सहयोग करें।
पंजीकृत मरीजों का सम्पूर्ण इलाज हेल्थ सिटी हॉस्पिटल लखनऊ में डॉ वैभव खन्ना प्रोजेक्ट डायरेक्टर स्माइल ट्रेन प्लास्टिक सर्जन एवं डॉ आदर्श कुमार सीनियर प्लास्टिक सर्जन के द्वारा निःशुल्क किया जायेगा एवं मरीजों को आने जाने का किराया भी दिया जायेगा।
अधिक जानकारी के लिए डीईआईसी मैनेजर के मोबाइल नंबर 9415533385 एवं
स्माइल ट्रेन संस्था के प्रतिनिधि नीरज कुमार शर्मा के मोबाइल नंबर
9454159999 या 9565437056 पर संपर्क स्थापित किया जा सकता है |
No comments:
Post a Comment