प्राथमिक विद्यालय अबुल्लापुर में 'स्कूल चलो अभियान' की रैली निकाली, मेधावी छात्रों को किया सम्मानित
जरवल। तहसील कैसरगंज के जरवल ब्लॉक स्थित प्राथमिक विद्यालय अबुल्लापुर में शनिवार को 'स्कूल चलो अभियान' की रैली का शुभारंभ हुआ। इस दौरान मेधावी छात्रों को सम्मानित भी किया गया।कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) आशीष कुमार सिंह, बीईओ जरवल अरविंद बहादुर सिंह तथा मिहीपुरवा के अजीत सिंह ने दीप प्रज्वलन कर किया। बीएसए ने कहा कि सरकारी स्कूलों में ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास और रचनात्मकता बढ़ाते हैं। छात्रों ने कला-प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसकी अतिथियों ने सराहना की।वार्षिक परीक्षा के टॉपर्स को मेडल, पुरस्कार और अंकपत्र वितरित किए गए। मुख्य अतिथि ने विद्यालय परिसर में नीम का पौधा रोपा। नये नामांकन वाले बच्चों का टीका-चंदन और पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया।बीएसए ने हरी झंडी दिखाकर रैली रवाना की। शिक्षकों-बच्चों ने गांव-गांव जाकर अभिभावकों को नामांकन के लिए प्रेरित किया तथा परिषदीय स्कूलों की निःशुल्क सुविधाओं की जानकारी दी।प्रधानाचार्या सविता सिंह ने अतिथियों का आभार माना। मौके पर एआरपी विनय शुक्ला, संतोष अभिषेक श्रीवास्तव, विनय सिंह, शिक्षक नेता आसिफ अली, गिरीश यादव, कल्पना मिश्रा, संतोष गुप्ता, मधुलिका वर्मा, शुभम सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment