Apr 10, 2026

कर्नलगंज में मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्र-छात्राओं को किया गया जागरूक

करनैलगंज /गोण्डा - थाना कोतवाली कर्नलगंज क्षेत्र में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और जागरूकता को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान 5.0 (तृतीय चरण) के अंतर्गत शुक्रवार को व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह अभियान उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर तथा पुलिस अधीक्षक गोंडा विनीत जायसवाल के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है।कार्यक्रम के तहत प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र प्रताप राय के नेतृत्व में एंटी रोमियो/मिशन शक्ति टीम ने पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय, कस्बा कर्नलगंज में पहुंचकर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।टीम ने उपस्थित लोगों को थानों में स्थापित “मिशन शक्ति केंद्र” के बारे में विस्तार से बताते हुए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों 112 (आपातकालीन सेवा), 1090 (महिला हेल्पलाइन), 181 (महिला सहायता/घरेलू हिंसा) और 1930 (साइबर हेल्पलाइन) की उपयोगिता समझाई। साथ ही इन नंबरों का आवश्यकता पड़ने पर तुरंत उपयोग करने की अपील की गई। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को ‘गुड टच’ और ‘बैड टच’ के बारे में सरल तरीके से जागरूक किया गया। इसके अलावा स्कूल न जाने वाले बच्चों के अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें बच्चों को विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया गया। टीम ने साइबर सुरक्षा पर भी विशेष जोर देते हुए महिलाओं और छात्राओं को अज्ञात कॉल व संदेशों से सावधान रहने, व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने तथा डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव के उपाय बताए।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान केवल महिला सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सामाजिक, आर्थिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाना भी है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपने अधिकारों की रक्षा कर सकें। इस अवसर पर महिला उपनिरीक्षक खुशबू श्रीवास्तव, कांस्टेबल अमित कुमार, महिला कांस्टेबल पारुल एवं महिला कांस्टेबल निधि वर्मा सहित एंटी रोमियो/मिशन शक्ति टीम के सदस्य मौजूद रहे।

No comments: