Apr 17, 2026

जनपद गोंडा में आठवें पोषण पखवाड़ा का शुभारंभ, अधिकारियों ने किया दीप प्रज्वलन


कुपोषण उन्मूलन में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका अहम—आयुक्त

गोद भराई, स्टॉल प्रदर्शनी व जागरूकता गतिविधियों से महिलाओं को किया गया प्रेरित

उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया गया सम्मानित, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश

गोण्डा - जनपद गोंडा के जिला पंचायत सभागार में शुक्रवार को आठवें पोषण पखवाड़ा का शुभारंभ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन आयुक्त देवीपाटन मंडल शशि भूषण लाल सुशील, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन तथा पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर विभिन्न स्वयं सहायता समूहों एवं जिला कार्यक्रम विभाग द्वारा पोषण, स्वास्थ्य एवं महिला सशक्तिकरण विषयक स्टॉल लगाए गए। अधिकारियों ने स्टॉलों का अवलोकन कर महिलाओं के प्रयासों की सराहना की तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाया जाए।

कार्यक्रम के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं की गोद भराई रस्म आयोजित की गई, जिसमें उन्हें पोषण किट प्रदान कर स्वस्थ मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

आयुक्त शशि भूषण लाल सुशील ने कहा कि पोषण पखवाड़ा जनजागरूकता का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से अपेक्षा की कि वे कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर नियमित रूप से बच्चों का वजन एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया जाए तथा कुपोषित बच्चों की पहचान कर विशेष देखभाल सुनिश्चित की जाए। साथ ही घर-घर जाकर महिलाओं को संतुलित आहार, स्वच्छता एवं टीकाकरण के प्रति जागरूक किया जाए।

जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कहा कि पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत जनपद में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे, जिससे कोई भी बच्चा कुपोषित न रहे। मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन ने स्वयं सहायता समूहों को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया और कहा कि सरकारी योजनाओं से जुड़कर महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बन सकती हैं।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments: