Apr 17, 2026

रास्ते के विवाद में पड़ोसी की हंसिए से हत्या, गांव में मचा कोहराम


गोण्डा - जिले के कटरा बाजार थाना क्षेत्र के बम्हौरा गांव में रास्ते के विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली। आपसी कहासुनी और मारपीट के बाद 40 वर्षीय अन्रु दुबे की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव के ही राम श्रृंगार शुक्ला और अन्रु दुबे के बीच लंबे समय से रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार शाम करीब 4 बजे दोनों पक्षों के बीच इसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो जल्द ही गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। बताया जाता है कि इस दौरान राम श्रृंगार शुक्ला ने अन्रु दुबे को जान से मारने की धमकी भी दी थी। घटना के बाद अन्रु दुबे अपने घर से लगभग 300 मीटर दूर एक पीपल के पेड़ के नीचे जाकर बैठ गए। इसी दौरान राम श्रृंगार शुक्ला वहां पहुंच गए और विवाद फिर से बढ़ गया। आरोप है कि शुक्ला ने धारदार हंसिए से अन्रु दुबे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर कटरा बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कटरा बाजार थानाध्यक्ष विवेक त्रिवेदी ने बताया कि मृतक की पहचान 40 वर्षीय अन्रु दुबे के रूप में हुई है। गांव के ही राम श्रृंगार शुक्ला पर हत्या का आरोप है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घटना का कारण रास्ते का पुराना विवाद सामने आया है।

No comments: