Apr 23, 2026

होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दृष्टिगत एसपी ने विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का किया गया निरीक्षण


 
गोण्डा - 23.04.2026 को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित होमगार्ड्स भर्ती परीक्षा-2025 के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल द्वारा जनपद गोण्डा के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया, चेकिंग/फ्रिस्किंग व्यवस्था, परीक्षा कक्षों की व्यवस्थाओं तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों का जायजा लिया गया। इस दौरान परीक्षा केन्द्रों पर स्थापित सी0सी0टी0वी0 कैमरों की कार्यशीलता भी चेक की गई, जिससे परीक्षा की सम्पूर्ण प्रक्रिया पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सके। महोदय द्वारा केन्द्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जाए तथा अभ्यर्थियों की नियमानुसार सघन चेकिंग सुनिश्चित की जाए। यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं व्यवस्थित बनाए रखने हेतु यातायात प्रभारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं, जिससे परीक्षा के दौरान आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
एसपी द्वारा बताया गया कि दिनांक 25 से 27 अप्रैल 2026 तक जनपद गोण्डा में उत्तर प्रदेश होमगार्ड के पदों पर भर्ती प्रक्रिया को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराए जाने हेतु व्यापक सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इस भर्ती परीक्षा में कुल 33,120 परीक्षार्थी प्रतिभाग करेंगे। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में सम्पन्न कराई जाएगी, जिसमें प्रत्येक पाली में 5,520 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। इसके लिए जनपद में कुल 14 परीक्षा केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा को सुव्यवस्थित एवं निष्पक्ष रूप से सम्पन्न कराने हेतु पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत 02 अपर पुलिस अधीक्षक, 03 क्षेत्राधिकारी, 40 निरीक्षक, 101 उपनिरीक्षक सहित कुल 449 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है साथ ही प्रत्येक परीक्षा केन्द्रों पर 01 सेक्टर मजिस्ट्रेट व 01 स्टैटिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गयी है। इसके अतिरिक्त परीक्षा केन्द्रों के आसपास सतत निगरानी रखी जायेगी तथा भ्रमणशील पुलिस टीमें लगातार गश्त करती रहेंगी, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी रहे। जनपद प्रशासन एवं पुलिस विभाग के समन्वय से परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराया जायेगा।


No comments: