Apr 7, 2026

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गेहूँ क्रय योजना से संबंधित प्रशिक्षण कार्यशाला का किया गया आयोजन


कार्यशाला में केन्द्र प्रभारियों को क्रय केंद्र पर आने वाले शतप्रतिशत किसानों का फार्मर रजिस्ट्री कराने के निर्देश-डीएम


गोण्डा - जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में गेहूँ क्रय योजना से संबंधित प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य जनपद में संचालित होने वाले सभी गेहूँ क्रय केन्द्रों को सुचारु रूप से संचालित करने हेतु अधिकारियों एवं केन्द्र प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करना।

प्रशिक्षण के दौरान गेहूँ क्रय की प्रक्रिया, शासन द्वारा निर्धारित मानकों, तथा किसानों को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार गेहूँ क्रय कार्य समय से प्रारंभ किया जाए, जिससे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से फार्मर रजिस्ट्री के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि सभी केन्द्रों पर आने वाले किसानों को इसके बारे में जानकारी दी जाए तथा उन्हें तत्काल पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जाए। 

कार्यशाला के दौरान कृषि उपनिदेशक प्रेम कुमार ठाकुर ने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त होता है, अतः जनपद के शतप्रतिशत किसानों को इससे जोड़ा जाना आवश्यक है।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने सभी केन्द्र प्रभारियों को निर्देश दिए कि क्रय केन्द्रों पर किसानों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, जलपान एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए। कार्यशाला में जनपद के समस्त क्रय केन्द्र एजेंसियों के केन्द्र प्रभारी, संबंधित विभागों के अधिकारीगण तथा अन्य कर्मचारीगण।

कार्यशाला के दौरान अपर जिलाधिकारी श्री आलोक कुमार, जिला खाद्य अधिकारी एन.के. पाठक, कृषि उपनिदेशक प्रेम कुमार ठाकुर, एआर कोऑपरेटिव रवि शंकर चौधरी, पीएसीएफ प्रबंधक जितेंद्र वर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

No comments: