गोण्डा - शासन के निर्देशानुसार एवं मिशन शक्ति 5.0 विशेष अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन को सुदृढ़ किए जाने हेतु तथा राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के निर्देशानुसार बाल विवाह रोकथाम के क्रम में आज दिनांक 19.04.2026 को पवित्र पर्व अक्षय तृतीया के अवसर पर जनपद गोण्डा में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल के आदेशानुसार एवं अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी (सदर) के निर्देशन में थाना ए0एच0टी0, अपराजिता सामाजिक समिति, वन स्टॉप सेंटर, चाइल्ड हेल्पलाइन एवं महिला कल्याण विभाग की संयुक्त टीम द्वारा थाना कोतवाली नगर, उमरी बेगमगंज एवं खरगूपुर क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों दुःखहरण नाथ मंदिर, खैरा भवानी मंदिर, काली माता मंदिर, मां बाराही देवी मंदिर एवं पृथ्वीनाथ मंदिर के आसपास सघन चेकिंग व जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के दौरान आमजन को बाल विवाह के दुष्परिणामों एवं बाल विवाह निषेध अधिनियम के अंतर्गत दण्डात्मक प्रावधानों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई तथा लोगों से अपील की गई कि वे इस कुप्रथा के विरुद्ध आगे आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। दौराने अभियान दुःखहरण नाथ मंदिर परिसर में बाल विवाह से संबंधित एक प्रकरण प्रकाश में आया, जिसमें दोनों पक्ष अपने-अपने बच्चों के साथ उपस्थित पाए गए। पूछताछ में उनके द्वारा लगभग एक माह पश्चात विवाह किए जाने की बात बताई गई। संयुक्त टीम द्वारा दोनों पक्षों को बाल विवाह की वैधानिक निषेधता से अवगत कराते हुए सख्त चेतावनी दी गई कि यदि बाल विवाह कराने का प्रयास किया गया तो उनके विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जनपद पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया है कि बाल विवाह जैसे अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है तथा ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही जनसामान्य से अपील की गई कि समाज से इस कुरीति को समाप्त करने में प्रशासन का सहयोग करें।
No comments:
Post a Comment