Mar 2, 2026

उच्चाधिकारियों के निर्देशों के बाद भी नहीं रुक रही अवैध गांजा बिक्री, जिम्मेदार मौन


गोण्डा - उत्तर प्रदेश पुलिस व उत्तर प्रदेश आबकारी विभाग के निर्देशों के बावजूद जनपद गोंडा के कर्नलगंज बस स्टैंड के पास खुलेआम अवैध गांजा बिक्री का धंधा जारी है। हैरानी की बात यह है कि कर्नलगंज कोतवाली व तहसील से महज करीब 500 मीटर की दूरी पर भांग ठेके की आड़ में चिप्पड़-गांजा की बिक्री धड़ल्ले से हो रही है, लेकिन न पुलिस ने दुकान बंद कराई और न ही संबंधित आबकारी निरीक्षक ने कोई ठोस कार्रवाई की। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस अवैध कारोबार के चलते युवा वर्ग तेजी से नशे की गिरफ्त में जा रहा है। पूर्व में इस मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद भी जिम्मेदार विभाग मौन बना रहा। सवाल उठता है कि क्या विभागीय निर्देश सिर्फ कागज़ों और सोशल मीडिया तक ही सीमित हैं? उच्चाधिकारियों के निर्देशों के बावजूद जमीनी स्तर पर स्थिति जस की तस बनी हुई है। मामले में आबकारी विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर संज्ञान लेते हुए जिला आबकारी अधिकारी, गोंडा को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए जाने की बात कही गई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब थाने के इतने करीब अवैध नशे का कारोबार खुलेआम फल-फूल रहा है तो कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगना स्वाभाविक है। लोगों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाए तथा अवैध गांजा बिक्री पर तत्काल रोक लगाई जाए।

No comments: