Feb 20, 2026

28 फरवरी को जिला पंचायत गोण्डा की सामान्य बैठक, विकास से जुड़े 12 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर होगा निर्णय





28 फरवरी को जिला पंचायत गोण्डा की सामान्य बैठक, 12 प्रस्तावों पर होगी चर्चा

मनरेगा श्रम बजट 2026-27 और पीएमजीएसवाई-4 के प्रस्ताव एजेंडे में शामिल


जिला पंचायत में 2025-26 के पुनरीक्षित व 2026-27 के मूल बजट पर मंथन


विकास योजनाओं, कर प्रस्तावना व निर्माण कार्यों पर जिला पंचायत में होगा निर्णय


गोण्डा -  जिला पंचायत, की सामान्य बैठक अध्यक्ष, जिला पंचायत की अध्यक्षता में 28 फरवरी  को पूर्वान्ह 11:30 बजे जिला पंचायत सभागार में आयोजित की जाएगी। बैठक में समस्त सदस्य एवं पदेन सदस्यों से समय पर उपस्थित रहने का अनुरोध किया गया है।

बैठक के एजेण्डे में कुल 12 बिंदुओं को शामिल किया गया है। सबसे पहले जिला पंचायत की गत सामान्य बैठक 07 मार्च 2025 की कार्यवाही की पुष्टि की जाएगी। इसके पश्चात जनपद के विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।

बैठक में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जनपद गोण्डा के श्रम बजट की स्वीकृति पर विचार होगा। साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-4 के अंतर्गत लोकसभा क्षेत्र गोण्डा एवं कैसरगंज में भारत सरकार से स्वीकृत मार्गों की वित्तीय स्वीकृति हेतु जिला पंचायत के अनुमोदन पर निर्णय लिया जाएगा।

इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2025-26 के पुनरीक्षित बजट तथा 2026-27 के मूल बजट की स्वीकृति पर विचार किया जाएगा। पंचम राज्य वित्त आयोग एवं पन्द्रहवां वित्त आयोग योजनान्तर्गत वर्ष 2025-26 की अनुपूरक कार्ययोजना की स्वीकृति भी बैठक में प्रस्तावित है।

जिला पंचायत विकास योजना के अंतर्गत राज्य वित्त आयोग एवं केन्द्रीय वित्त आयोग की वर्ष 2026-27 की कार्ययोजनाओं पर भी निर्णय लिया जाएगा। वहीं वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए जिला पंचायत की विभव एवं सम्पत्ति कर प्रस्तावना सूची की स्वीकृति पर भी विचार किया जाएगा।

बैठक में शासन, मंत्री, जनप्रतिनिधियों, आईजीआरएस तथा अन्य माध्यमों से प्राप्त संदर्भों में उल्लिखित विभिन्न परियोजनाओं एवं निर्माण कार्यों की स्वीकृति का प्रस्ताव भी रखा जाएगा। अंत में अन्य विषयों पर अध्यक्ष की अनुमति से चर्चा की जाएगी। यह बैठक जनपद के विकास, बजट निर्धारण एवं आगामी योजनाओं के क्रियान्वयन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

No comments: