Jan 12, 2026

राष्ट्रीय युवा दिवस पर संजीवनी लॉ कॉलेज में आयोजित हुआ विधिक साक्षरता शिविर

 राष्ट्रीय युवा दिवस पर संजीवनी लॉ कॉलेज में आयोजित हुआ विधिक साक्षरता शिविर

बहराइच। स्वामी विवेकानंद जी के जन्म दिवस 12 जनवरी राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उ.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बहराइच के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बहराइच केे सचिव विराट शिरोमणि की अध्यक्षता में संजीवनी लॉ कॉलेज, कीर्तनपुर में विधिक साक्षरता एवं जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए सुधाकर त्रिपाठी, संजीवनी लॉ कालेज में विधि के छात्र/छात्राओं भारती यादव, अभिनव चौधरी, सूफियान वारसी, विष्णु प्रताप सिंह, आदर्श तिवारी, शशि वर्मा, मुस्कान यादव, शिवांश त्रिपाठी, देवी प्रसाद द्वारा स्वामी विवेकानंद के जीवन आदर्शों पर अपने-अपने विचार व्यक्त किये गये। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सचिव श्री शिरोमणि ने ए.डी.आर. केन्द्र की भूमिका तथा युवा दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्ष 1863 में 12 जनवरी को स्वामी विवेकानन्द जी का जन्म हुआ था। उन्हीं की याद में भारत में प्रत्येक वर्ष 12 जनवरी युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा यह दिन देश के करोड़ों युवाओं के लिए स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात करने का अवसर है। उन्होंने मौजूद छात्र-छात्राओं का आहवान किया कि स्वामी जी जीवन आदर्शों से प्रेरणा लेकर भारत को विकसित एवं आत्मनिर्भर बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें। सचिव ने कहा कि स्वामी जी का मानना था कि युवा शक्ति ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकती है। उनकी सोच को सम्मान देने और युवाओं का राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक करने के लिए भारत सरकार द्वारा उनके जन्मदिवस को राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में घोषित किया गया।श्री शिरोमणि ने मौजूद लोगों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के टोल फ्री नंम्बर 15100 के बारे मे जानकारी देते हुए बताया कि इच्छुक व्यक्ति किसी प्रकार की विधिक सलाह व समस्या के समाधान के लिए टोल फ्री नम्बर पर सम्पर्क कर सकते हैं। सचिव श्री शिरोमणि ने छात्र-छात्राओं का आहवान किया स्वामी जी सूत्र वाक्य ‘‘से नो टू ड्रग्स, से यस टू लाईफ’’ को जीवन में अपना कर ड्रग फ्री इण्डिया के निर्माण में सहयोग करें। कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करने के लिए सचिव ने प्राचार्य रोहित प्रकाश सिंह, प्रवक्ता लॉ डॉ सुधाकर प्रसाद त्रिपाठी, डॉ अरूण कुमार कन्नौजिया, डॉ निशा त्रिपाठी सहित समस्त शिक्षण स्टाफ तथा कार्यक्रम को सम्बोधित करने वाले छात्र-छात्राओं को धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम के अन्त में प्राचार्य श्री सिंह ने छात्र/छात्राओं को उनके दायित्वों एवं कर्तव्यों के प्रति मार्गदर्शन करने के लिये सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बहराइच का आभार ज्ञापित किया। 

                        

No comments: