गोण्डा - मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के निर्देशों पर संचालित *एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली (IGRS) पोर्टल* पर देवीपाटन मंडल ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। अक्टूबर 2025 की रैंकिंग में मंडल ने 120 में से 107 अंक अर्जित किए हैं और 89.17 प्रतिशत की सफलता दर प्राप्त की है। यह उपलब्धि पिछले माह की तुलना में 2.50 प्रतिशत अधिक है।
आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में देवीपाटन मंडल पहले भी कई बार प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त कर चुका है। शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण के लिए मंडल प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जाती है। *आयुक्त शशि भूषण लाल सुशील* के नेतृत्व में मंडल के सभी चारों जिलों—श्रावस्ती, बहराइच, गोंडा और बलरामपुर में शिकायत निस्तारण की प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाया गया है।
आयुक्त शशि भूषण लाल सुशील ने बताया कि मुख्यमंत्री जी की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी क्रम में प्रत्येक माह मंडलायुक्त स्वयं सभी जिलों की शिकायतों की समीक्षा करते हैं और रेंडम रूप से पांच शिकायतकर्ताओं से फोन के माध्यम से फीडबैक भी लेते हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि शिकायतों पर वास्तविक कार्रवाई हुई है या केवल औपचारिक रिपोर्ट लगाई गई है। इस पहल ने निस्तारण की गुणवत्ता और पारदर्शिता को नया आयाम दिया है।
उन्होंने कहा कि देवीपाटन मंडल में विभागवार शिकायतों की समीक्षा और निस्तारण की रफ्तार पर निरंतर मॉनीटरिंग की जा रही है। प्रत्येक माह विभागीय आख्या की जांच भी की जाती है। यदि किसी शिकायत में लापरवाही या सतही निस्तारण की शिकायत मिलती है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाती है। इसी सतत निगरानी और जनसुनवाई की पारदर्शी व्यवस्था के कारण देवीपाटन मंडल लगातार प्रदेश में अग्रणी बना हुआ है।
जन शिकायतों के समाधान के साथ-साथ मंडल में महिलाओं और बेटियों की समस्याओं के निस्तारण के लिए “मां पाटेश्वरी शक्ति संवाद” जैसे विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। इन संवादों में महिलाओं द्वारा रखी गई समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाता है, जिससे महिला सशक्तिकरण की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें।
आयुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में शिकायत निवारण प्रणाली को पूरी तरह तकनीकी और पारदर्शी बनाया गया है। आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से आम नागरिकों को अपने घर से ही शिकायत दर्ज कराने और समाधान की स्थिति जानने की सुविधा मिल रही है। इस पोर्टल ने न केवल प्रशासनिक कार्यप्रणाली में सुधार किया है, बल्कि शासन की जवाबदेही भी बढ़ाई है।
गौरतलब है कि आईजीआरएस पोर्टल की अक्टूबर माह की रिपोर्ट में देवीपाटन मंडल ने एक बार फिर प्रदेश में बाजी मारी है और अपनी उत्कृष्ट कार्यप्रणाली से जनसेवा में नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
No comments:
Post a Comment