Oct 10, 2025

देवीपाटन मंडल बना प्रदेश में नंबर वन, आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत निस्तारण में फिर रचा इतिहास






गोण्डा  -  जनता की शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण करने में देवीपाटन मंडल ने एक बार फिर पूरे प्रदेश में अपनी श्रेष्ठता साबित की है। सितम्बर 2025 की मासिक रैंकिंग में देवीपाटन मंडल ने 18 मंडलों में शीर्ष स्थान हासिल करते हुए 120 में से 104 अंक अर्जित किए। यह रैंकिंग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की शीर्ष प्राथमिकता वाले आईजीआरएस (इंटीग्रेटेड ग्रिवांस रीड्रेसल सिस्टम) पोर्टल पर शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के आधार पर तैयार की जाती है। मंडल ने 86 प्रतिशत से अधिक शिकायतों का उत्कृष्ट निस्तारण कर प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया।।

 टीम वर्क और पारदर्शिता से मिली सफलता
अपर आयुक्त देवीपाटन कमलेश चंद्र ने बताया कि इस सफलता के पीछे पूरी टीम की ईमानदारी, पारदर्शिता और सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप हम जनता की हर शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनते हैं। पारदर्शिता, ईमानदारी और समयबद्ध कार्रवाई हमारी प्राथमिकता है। पूरी टीम ने प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया, जिसका परिणाम हमें प्रदेश में प्रथम स्थान के रूप में मिला।”

जनता से जुड़ी समस्याओं के समाधान में तेजी

मंडलायुक्त ने बताया कि शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए मंडल स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। प्रत्येक संदर्भ का विश्लेषण कर संबंधित अधिकारी को समय सीमा के भीतर कार्रवाई के निर्देश दिए जाते हैं। यही कारण है कि देवीपाटन मंडल जनता से जुड़ी समस्याओं के समाधान में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है।

सिर्फ 2 घंटे में हुई शिकायतों की मार्किंग
सितम्बर माह की रिपोर्ट के अनुसार, आईजीआरएस पोर्टल पर कुल 75 संदर्भों को मार्क किया गया। मार्किंग में कुल 5 दिन लगे, यानी औसतन 2 घंटे से भी कम समय में हर शिकायत को उचित अधिकारी को भेजा गया। मार्किंग प्रक्रिया में मंडल को पूर्ण 10 अंक प्राप्त हुए। यह दर्शाता है कि शिकायतों के निस्तारण में न केवल गुणवत्ता बल्कि तीव्रता पर भी प्रशासन ने खास ध्यान दिया है।

शासन की मंशा को मजबूत करता प्रदर्शन

देवीपाटन मंडल की यह उपलब्धि न केवल प्रशासन की संवेदनशील और पारदर्शी कार्यशैली को दर्शाती है, बल्कि शासन की उस मंशा को भी सशक्त करती है जिसके तहत जनता की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखा गया है।

   मंडल प्रशासन ने यह संदेश दिया है कि जब टीम भावना, जवाबदेही और पारदर्शिता एक साथ आती है, तो जनता का भरोसा भी दोगुना होता है और शासन की नीतियाँ जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुँचती हैं।

No comments: