Sep 9, 2025

प्राथमिक विद्यालय पूरे शिवाबख्तावर में आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम





गोण्डा - झंझरी ब्लाक के निकट स्थित प्राथमिक विद्यालय पूरे शिवाबख्तावर में महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित 10 दिवसीय विशेष जागरूकता कार्यक्रम के तहत 7वें दिन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों एवं स्थानीय महिलाओं-बालिकाओं को विभिन्न विषयों पर जानकारी दी गयी। बाल सभा के माध्यम से बच्चों को उनकी सुरक्षा से जुड़े बिंदुओं पर चर्चा की गई तथा पाक्सो एक्ट की मुख्य बातें बतायी गयीं। साथ ही महिलाओं एवं बच्चों की सहायता हेतु उपलब्ध टोल फ्री नंबर 1090, 181, 1098, 112, 102 और 108 की जानकारी साझा की गयी। बच्चों को समझाया गया कि किसी भी आपात स्थिति में वे इन नंबरों का प्रयोग कर तत्काल सहायता प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर शिवेन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि बच्चों को अपने अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक होना बेहद आवश्यक है। वहीं, जेंडर स्पेशलिस्ट ज्योत्सना सिंह ने महिलाओं और बालिकाओं से सम्बंधित सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। जेंडर स्पेशलिस्ट राजकुमार आर्य ने कहा कि सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने के लिए जागरूकता ही सबसे सशक्त हथियार है। सुधा तिवारी ने भी बच्चों को व्यवहारिक जीवन में सुरक्षा और आत्मविश्वास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। 
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रूबी खातून, सहायक अध्यापक रजनी शर्मा, हरेन्द्र सिंह, दीपाली वर्मा, शिक्षामित्र कुमुद शुक्ला, अरविन्द मिश्रा सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। 
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने भी अपने विचार साझा कर कार्यक्रम को सार्थक बनाया।

No comments: