गोण्डा - शनिवार को मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत श्री लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय, गोण्डा में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल ने छात्र-छात्राओं से संवाद किया और उन्हें महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा एवं आत्मरक्षा के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी दी। अपने उद्बोधन में पुलिस अधीक्षक ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं को मिशन शक्ति अभियान 5.0 के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण, साइबर अपराध से बचाव, आत्मरक्षा के उपाय तथा कानून द्वारा प्रदत्त अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का मिशन शक्ति अभियान केवल महिला सुरक्षा को सुनिश्चित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं और बालिकाओं को आर्थिक, सामाजिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाने का भी उद्देश्य रखता है, जिससे वे हर परिस्थिति में अपने अधिकारों की रक्षा कर सकें और आत्मनिर्भर बनें। पुलिस अधीक्षक ने छात्र-छात्राओं से स्कूल आने-जाने के दौरान होने वाली संभावित परेशानियों, छेड़छाड़ अथवा अन्य समस्याओं पर सुझाव प्राप्त किए और भरोसा दिलाया कि गोण्डा पुलिस हर समय उनकी सुरक्षा एवं सहयोग के लिए तत्पर है। उन्होंने शासन द्वारा जारी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नम्बर्स जैसे-112 (आपातकालीन सहायता), 1090 (महिला हेल्पलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन/सहायता), 1930 (साइबर हेल्पलाइन) आदि की जानकारी दी और आवश्यकतानुसार इनका उपयोग करने की अपील की।
महोदय ने साइबर अपराधों से बचाव हेतु छात्र-छात्राओं को सतर्क रहने की सीख दी। उन्होंने बताया कि अज्ञात कॉल/मैसेज पर व्यक्तिगत या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें, सोशल मीडिया पर अपनी गोपनीयता बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। साथ ही आत्मरक्षा प्रशिक्षण के महत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक छात्रा को आत्मरक्षा की तकनीकें सीखकर आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ना चाहिए। महोदय ने यह भी बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों और महिला सशक्तिकरण के महत्व के प्रति जागरूक करना था, साथ ही उन्हें साइबर अपराध जैसे ऑनलाइन फ्रॉड, सोशल मीडिया खतरों, सिम स्वैप और ओटीपी चोरी से बचाव के उपायों के बारे में जानकारी देना और आवश्यक आत्मरक्षा तकनीक सिखाना था।
इस अवसर पर महाविद्यालय प्रबंधक, प्राचार्य, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएँ एवं स्थानीय मीडिया प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment