Jan 22, 2024

नगर में धूमधाम से मनाया श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा उत्सव

 



करनैलगंज/गोण्डा - बीते कई दिनों से इस उत्सव को लेकर जोरो से तैयारी चल रही थी नगर के मुख्य मार्गो को स्वागत द्वार लाइट की रंग बिरंगी झालरों से सजाया गया था आज सुबह एक भव्य यात्रा सकरौरा के गायत्री मंदिर से प्रारंभ हुई जो रामलीला मैदान पहुंचते पहुंचते एक विशाल जन समूह में परिवर्तित हो गई। बड़ी संख्या में महिलाएं व बच्चे भी इस मंगलयात्रा में शामिल रहे। वहीं सुरक्षा की दृष्टि से पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। नगर में बस स्टॉप स्थित बोधे बाबा मंदिर ,मौर्य नगर चौराहा,चौक घंटाघर सहित कई जगह प्रसाद वितरण का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस पुनीत अवसर पर घरों में तथा देव मंदिरों सुन्दर काण्ड पाठ और संकीर्तन का विशेष आयोजन हुआ। वहीं छोटे-छोटे बच्चों ने भी अपने घरों में श्रीराम लक्ष्मण सीता के रूप में झांकियां सजाकर अपनी बेहतर प्रस्तुति दी। रामलीला मैदान में रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें आसपास के विद्यालयों के बच्चों ने रंगोली बनाकर अपनी कला का प्रदर्शन किया। रामलीला मैदान में अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का लाइव प्रसारण देखकर लोग आह्लादित हो उठे। इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक अजय सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि रामजीलाल मोदनवाल सहित हजारों की संख्या में लोग शामिल रहे। सोमवार को नगर में सुबह से ही व्यावसायिक प्रतिष्ठान पूरी तरह से बंद दिखे और लोगों ने जमकर इस उत्सव में योगदान किया। 



अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा को निहारने साकार रूप में दिखे भगवान सूर्यदेव


सूर्यवंशी श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को देखने के सूर्य देवता भी पूरे दिन मेहरबान रहे,इधर कई दिन से भगवान सूर्यदेव का दर्शन नहीं हो रहा था,वातावरण बदली और शीत लहर की चपेट में दिख रहा था लेकिन सोमवार को प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को निहारने और उसका साक्षी बनने के लिए भगवान सूर्यदेव का सुबह उदय होना सबके लिए आश्चर्य चकित करने जैसे रहा। सुबह 10:00 बजे से ही धूप निकल आई जैसे लगा कि मानो भगवान सूर्यदेव भी प्रभु श्री राम का स्वागत कर रहे हैं। आज के इस अलौकिक एवं ऐतिहासिक पल को हर व्यक्ति अपने मन में जीवन भर स्मरण रहने वाले पल के रूप में संजो लेना चाह रहा था। नगर ही नहीं बल्कि ग्रामीण क्षेत्र भी जय श्री राम के उद्घोष से गुंजायमान हो रहा था, ऐसा लग रहा था कि मानो त्रेता युग में भगवान का अवतार हो रहा है, आज 22 जनवरी के इस अद्भुत, अकल्पनीय और अविस्मरणीय पल में हर कोई आनंद और उत्साह से सरोबार रहा। आज का यह दिन एक ऐतिहासिक दिन के रूप में लोगों के स्मृति पटल पर सदैव के लिए अमित हो गया।



No comments: