Mar 23, 2023

प्रधान पति के भाई के विरुद्ध लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज

ग्राम प्रधान के परिजनों में मची खलबली,चर्चा का माहौल।

गोण्डा। जिले के थाना कटरा बाजार अन्तर्गत ग्राम पहाड़ापुर में स्थित नवीन परती के खाते में दर्ज सरकारी भूमि पर प्रधान पति के भाई द्वारा अवैध निर्माण कर सरकारी सम्पति की नवईयत बदलने एवं जबरन नाजायज कब्जा से सरकार को क्षति पहुंचाने के मामले में हुई शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एएसपी के द्वारा थानाध्यक्ष कटरा बाजार को तत्काल मुकदमा पंजीकृत करने के साथ वैधानिक कार्यवाही के दिये गये निर्देश पर स्थानीय थाने में प्रधान पति के भाई के विरुद्ध लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। जिससे ग्राम प्रधान व उनके परिजनों में खलबली मच गई है और लोगों में काफी चर्चा का माहौल है।
सुधीर कुमार निवासी ग्राम पहाड़ापुर थाना कटरा बाजार गोंडा द्वारा अपर पुलिस अधीक्षक गोण्डा को दिए गए प्रार्थनापत्र में बताया गया था कि गाटा संख्या 927/0.0360 हे0 उक्त भूमि सरकारी सम्पत्ति है जो नवीन परती के खाते में दर्ज है। जिस पर ग्रामप्रधान पति के भाई संतोष श्रीवास्तव पुत्र द्वारिका प्रसाद अवैध निर्माण कर रहे हैं,जिससे उक्त सरकारी सम्पति की नवइयत बदलने से एवं जबरन नाजायज कब्जा से सरकार की बड़ी क्षति संभावित हैं। उक्त प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज प्रजापति ने थानाध्यक्ष कटरा बाजार को तत्काल मुकदमा पंजीकृत करने के साथ वैधानिक कार्यवाही के आदेश दिए थे। उक्त मामले में थाना कटरा बाजार में ग्राम प्रधान के भाई के विरुद्ध लोकसम्पति क्षति निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक उपरोक्त प्रश्नगत भूमि काफी वेशकीमती सड़क किनारे की भूमि है जिस पर प्रधान व उनके परिजनों की नजर गड़ी हुई है और उसे हड़पने की फिराक में हैं और पूर्व में भी जबरन कब्जा करने का प्रयास कर चुके हैं। वहीं मुकदमा दर्ज होने से प्रधान व उनके परिजनों में खलबली मच गई है और लोगों में काफी चर्चा का माहौल है।
रिपोर्ट- मुन्नू सिंह

No comments: