उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव से महज चंद रोज पहले गोरखपुर और देवरिया में दो नगर पंचायतों का नाम सरकार ने परिवर्तित कर दिया है। अब तेलिया अफगान का नाम 'तेलिया शुक्ला और मुंडेरा बाजार अब चौरीचौरा के नाम से जाना जायेगा । तेलिया अफगान देवरिया में है और मुंडेरा बाजार गोरखपुर में है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इसके लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र (नॉन आब्जेक्शन सर्टिफिकेट) भी जारी कर दिया है। गोरखपुर सांसद रवि किशन शुक्ला ने स्वयं मंगलवार की शाम सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी है।
वहीं, चौरीचौरा से भाजपा विधायक और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद के बेटे सरवन निषाद ने पत्रकारों को बताया, "नगर पंचायत मुंडेरा बाजार का नाम बदलकर अब चौरीचौरा हो जाने से अब इस बार का निकाय चुनाव नगर पंचायत चौरीचौरा के नाम से संपन्न होगा। भाजपा विधायक ने गृह मंत्रालय और प्रदेश सरकार को इसके लिए धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा, चौरीचौरा की धरती क्रांतिकारियों की धरती है। ऐसे में नगर पंचायत मुंडेरा बाजार का नाम बदलकर चौरीचौरा होने से यहां के वीर सपूतों को यह सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने बताया, गृह मंत्रालय किसी भी स्थान का नाम बदलने के लिए रेल मंत्रालय, डाक विभाग और भारतीय सर्वेक्षण विभाग की सहमति देने के बाद अनापत्ति प्रमाण पत्र देता है। जिसकी सारी प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अब NOC भी जारी कर दी गई है। इसके लिए सरवन निषाद विधायक ने मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्रालय का विशेष आभार व्यक्त किया है।
उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने इससे पहले भी कई इलाकों के नाम बदले थे, जिसमें राजधानी लखनऊ की भी कई जगहों के नाम शामिल थे। उस दौरान बर्लिंगटन चौराहा का नाम अशोक सिंघल कर दिया गया था, जबकि सर्वोदयनगर में द्वार का नाम विनायक दामोदर सावरकर द्वार के नाम पर रख दिया गया था। इसके साथ ही सिकंदराबाद चौराहे को वीरांगना उदादेवी और विराम खण्ड राम भवन चौराहा को मेजर कालिया रख दिया था
No comments:
Post a Comment