Breaking





Oct 6, 2022

रुधौली में बारिश के साथ चलीं तेज हवाएं:गिर गई धान व गन्ने की फसल, पानी भरने से हो रही खराब

बस्ती जिले में रुधौली तहसील क्षेत्र में दो दिनों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। बीच-बीच में काफी तेज बारिश होने लगती है। इसके कारण फसलों को काफी नुकसान हुआ है। बारिश के कारण स्कूलों, कार्यालय परिसरों एवं सड़कों, गलियों में जलजमाव हो गया है। बारिश के साथ तेज हवा चलने के कारण धान और गन्ने की फसल खेतों मे गिर गई है। इससे किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें हैं।    

          मथुरापुर निवासी रविंद्र दुबे ने बताया कि दो दिनों से हुई भारी बारिश से फसलों को नुकसान पहुंचा है। क्षेत्र में धान की फसल खेतों में गिर गई है। इससे फसल बर्बाद हो गई है। वहीं बारिश से पोखरे और तालाबों में पानी भर गया है। रुधौली क्षेत्र में लगातार हुई भारी बारिश के बीच जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है।

सहुड़ा खुर्द के किसान रामकृष्ण चौधरी ने बताया कि बारिश के कारण धान के खेतों में पानी भर गया है। हवाओं के कारण फसल गिर गई है। जबकि गन्ने की फसल भी गिर गई है। इससे किसानों का काफी नुकसान हुआ है। फसल लगभग बर्बाद हो गई है।    
रुधौली क्षेत्र के नगर पंचायत रुधौली, धंसा, सेहुड़ा कला, मथुरापुर, सेमरा, नगहरा, सेहुड़ा खुर्द, भितेहरा, अरदा, बहादुरपुर, पड़री, महुआर, छपिया, कथकपुरबा, बनकटिया खुटेहना बरवा केशवापुर, गंधरिया खुर्द, सुरवार कला सहित आदि जगहों पर भारी बारिश के कारण खेतों में पानी भर गया है।   

बारिश के कारण स्कूलों के प्रांगण में पानी भरा हुआ है। नगर पंचायत रुधौली स्थित पूर्व माध्यामिक विद्यालय के प्रांगण में पानी भरा हुआ है। जबकि इसी प्रांगण मे ब्लाक संसाधन केन्द्र एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय भी है। बारिश से प्रांगण में पानी भरा होने के कारण दिक्कतें आ रही हैं।   
धंसा प्राथमिक विद्यालय के प्रांगण में पानी भरा हुआ है। जबकि कई जगहों पर जलजमाव के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रुधौली के केवटाहिया, बडडीहा, छपिया, हनुमानगंज, करमा कला में जल जमाव बना हुआ है। इससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।    

         रुधौली बस्ती से अजय पांडे की रिपोर्ट

No comments: