गोण्डा (Gonda) -
आयुक्त देवीपाटन मण्डल महेन्द्र कुमार के निर्देश पर शनिवार को आयुक्त सभागार में खरीफ की फसलों की बुआई को लेकर संयुक्त विकास आयुक्त देवीपाटन मण्डल वीरेन्द्र प्रसाद पाण्डेय की अध्यक्षता में मण्डलीय गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में कृषि, गन्ना, नलकूप, नहर, कृषि रक्षा तथा विद्युत एवं अन्य सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को खरीफ की बुुआई के लिए अपने-अपने विभागों की तैयारियां समय से पूर्ण कर लेने के निर्देश दिए गए।
संयुक्त निदेशक कृषि देवीपाटन मण्डल ने बताया कि वर्ष 2020-21 में देवीपाटन मण्डल में खरीफ की बुआई के तहत धान की रोपाई का लक्ष्य छः लाख बहत्तर हजार हेक्टेयर निर्धारित किया गया है। उन्होने बताया कि किसानों की सहूलियत के लिए मण्डल के सभी सरकारी बीज गोदामों पर ढैंचा का बीज उपलब्ध है, जिसमें प्रदर्शन के बीज पर 90 प्रतिशत तथा शेष में 50 प्र्रतिशत की छूट दी जा रही है। उन्होने सभी कृषि उपनिदेशकों से अपेक्षा की कि वे अपने-अपने जिलों में बीज, उर्वरक, कृषि रक्षा रसायनों आदि की उपलब्धता पर्याप्त मात्रा में सुनिश्चित कराएं जिससे किसानों को बुआई एवं धान की रोपाई या पौध के दौरान दिक्कत न होने पावे।
संयुक्त विकास आयुक्त ने सभी कृषि एवं बैंक के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की सहायता के लिए फसली ऋण (केसीसी) पर विशेष ध्यान दिया जाय तथा यह सुनिश्चित कराया जाय कि जिन किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड की आवश्यकता हो उन्हें किसी परेशानी के फसली ऋण उपलब्ध कराया जाय। इसके लिए अभियान चलाकर किसानों की केसीसी बनवाई जाय। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिन किसानों की डाटा फीडिंग या अन्य किसी कारण से पीएम किसान सम्मान निधि की किस्तें नहीं आ रही हैं, उनकी समस्याओं का निराकरण ब्लाक स्तर पर कराया जाय जिससे किसानों को सरकार की मंशानुसार लाभ मिल सके। अधीक्षण अभियन्ता नलकूूप को सख्त निर्देश दिए गए कि वे मण्डल में यांत्रिक अथवा विद्युत दोष के कारण खराब पड़े नलकूपों की मरम्मत समय से करा दें जिससे सिंचाई की आवश्यकता के दौरान किसानों को परेशानी न हो। नहर विभाग की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि नहरों में टेल तक पानी पहुंचाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएं। उपायुक्त गन्ना को निर्देश दिए गए कि वे मण्डल की चीनी मिलों से किसानों का गन्ना मूल्य का भुगतान कराएं जिससे किसानों को खरीफ की बुुआई के लिए आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में संयुक्त निदेशक कृषि देवीपाटन मण्डल, उपायुक्त गन्ना देपीपाटन मण्डल, उपनिदेशक कृषि गोण्डा डा0 मुकुल तिवारी, उपनिदेशक उद्यान देवीपाटन मण्डल अनीस कुमार, सहायक निदेशक रेशम, डिप्टी एलडीएम सहित अन्य जनपदों के कृषि तथा सम्बन्धित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment