Sep 15, 2026

September 15, 2026

नहीं रुक रहा फेसबुक पर भड़काऊ पोस्ट डालने का क्रम, सीओ से शिकायत, एफआईआर की मांग



करनैलगंज/ गोण्डा - सोशल मीडिया पर नफरत फैलाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का मामला सामने आया है। क्षेत्र में एक युवक द्वारा फेसबुक पर आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट प्रसारित करने का आरोप लगा है। इसको लेकर क्षेत्र के एक युवक द्वारा क्षेत्राधिकारी (CO) करनैलगंज को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
वर्ग विशेष के विरुद्ध सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक पोस्ट पर विरोध जताते हुए राघवेन्द्र प्रताप सिंह, निवासी सकरौरा ग्रामीण द्वारा क्षेत्राधिकारी करनैलगंज को शिकायती प्रार्थना पत्र सौंपा गया। शिकायती पत्र में राघवेंद्र ने कहा है कि कि वह एक जागरूक नागरिक और समाजसेवी हैं। उनके संज्ञान में आया है कि अशोक कुमार निषाद पुत्र सिद्धनाथ निषाद, निवासी ग्राम रकसड़िया, थाना परसपुर, जनपद गोण्डा द्वारा फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया माध्यमों पर लगातार भड़काऊ, आपत्तिजनक और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्टें डाली जा रही है। ताजा उदाहरण देते हुए उन्होंने लिखा है कि आरोपी ने हाल ही में फेसबुक पर *सरयू नदी, बधिया घाट से संबंधित एक अत्यंत आपत्तिजनक पोस्ट शेयर भावनाए आहत ककरने का काम किया है। पोस्ट में अशोभनीय और विवाद उत्पन्न करने वाली भाषा का प्रयोग किया गया है, जिससे सामाजिक और धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं और क्षेत्र में आपसी वैमनस्य और तनाव फैलने की आशंका है। राघवेंद्र ने पत्र में लिखा है कि यदि समय रहते ऐसी पोस्टों पर रोक नहीं लगी तो इससे क्षेत्र में विवाद, अशांति और अप्रिय घटना हो सकती है। सोशल मीडिया पर ऐसी सामग्री का प्रसार गलत संदेश दे रहा है और शांति व्यवस्था को प्रभावित कर रहा है। उन्होंने मामले को संज्ञान में लेकर त्वरित कार्रवाई करने की मांग की है। मामले में सीओ करनैलगंज से बात करने की कोशिश की गई,लेकिन उनका फोन न उठने के कारण कार्रवाई के बारे में जानकारी नहीं मिल सकी।


September 15, 2026

महिला की मौत, परिजनों ने पुलिस पर लगाया गंभीर आरोप

फिरोजाबाद  - आरोप है कि पुलिस की दबिश से गर्भवती की मौत हो गई,परिजनों द्वारा दारोगा पर धकेलने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की गई है। बताया जा रहा है कि गांव लभऊआ में पति को चोरी के आरोप में पुलिस पकड़ने आई थी,परिजन का आरोप है कि दारोगा धर्मपाल ने महिला को धक्का दिया था, जिससे बच्चे को जन्म देने के बाद महिला की मौत हो गई। नाराज परिजनों ने थाने पर हंगामा किया तब पति को छोड़ दिया गया। 
September 15, 2026

विनोद शाहनी मामले में बगैर अनुमति कैंडिल मार्च व आपत्तिजनक नारा लगाने वालों की बढ़ी मुसीबत

गोण्डा - विनोद साहनी मामले में बड़ी कार्रवाई सामने आई है, जहां बगैर अनुमति के कैंडिल मार्च निकालने पर पुलिस ने कड़ा एक्शन लेते हुए पचास लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि सार्वजनिक मार्ग का आवागमन बाधित कर कैंडिल मार्च के दौरान आपत्तिजनक नारे लगाये गए, जिसपर नवाबगंज थाने में ​50 लोगों पर एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, दर्ज मामले में 8 नामजद सहित 50 प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई होगी।


Sep 14, 2026

September 14, 2026

हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के कार्यक्रम में पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ

प्रयागराज - मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के कार्यक्रम में पहुंच गए, इस दौरान मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, नंद गोपाल गुप्ता नंदी भी मौजूद रहे।
सीएम समारोह में वकीलों को चैंबर की चाबी सौंपेंगे,
700 करोड़ से ज्यादा लागत से पार्किंग-चैंबर का निर्माण कराया गया। हाईकोर्ट परिसर के क्रिकेट मैदान में आयोजित समारोह में चीफ जस्टिस अरुण भंसाली,डिप्टी सीएम केशव मौर्य शामिल रहे।

September 14, 2026

गैर इरादतन हत्या करने के वांछित अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार


 
गोण्डा - अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना नवाबगंज पुलिस द्वारा थाना स्थानीय पर पंजीकृत मु0अ0सं0 286/2026 धारा 238, 240 बीएनएस से संबंधित वांछित अभियुक्त सुरेन्द्र कुमार उर्फ ननकन पाठक पुत्र तुलाराम पाठक को ग्राम रामापुर भगाही उसके घर से गिरफ्तार किया गया। 
वादिनी पूनम शर्मा पत्नी घिराऊ शर्मा ग्राम रामापुर भगाही डिहवा थाना नवाबगंज जनपद गोण्डा द्वारा थाना नवाबगंज पर तहरीर दी गई कि दिनांक 12.08.2026 को शाम करीब 06:00 बजे उनका पुत्र प्रिंस शर्मा को गांव के ही दोस्त घर से बुलाकर अपने साथ ले गए। देर रात तक वापस न आने पर परिजनों ने तलाश की। दुसरे दिन सुबह उनके पुत्र का शव मिला । तहरीर के आधार पर थाना नवाबगंज पर सुसंगत धाराओ में अभियोग पंजीकृत किया गया। 
आज दिनांक 14.09.2026 को विवेचना के दौरान दोषी पाए गए आरोपी अभियुक्त सुरेन्द्र कुमार उर्फ ननकन पाठक पुत्र तुलाराम पाठक को उसके घर रामापुर भगाही से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरूद्ध थाना नवाबगंज पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही की गयी। 


September 14, 2026

नवोदय विद्यालय के सेवानिवृत्त शिक्षक-कर्मचारियों के सम्मान में सजा नवोदय परिवार का भव्य मंच, गुरु-शिष्य परंपरा को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प





लखनऊ  - नवोदय परिवार के तत्वावधान में होटल डैमसन प्लम, सुशांत गोल्फ सिटी, लखनऊ में “द्वितीय नवोदय विद्यालय सेवानिवृत्त शिक्षक एवं कर्मचारी सम्मान समारोह–2026” का भव्य एवं गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। समारोह में नवोदय विद्यालय के 200 से अधिक सेवानिवृत्त उपायुक्त, सहायक उपायुक्त, प्राचार्य, शिक्षक एवं कर्मचारीगण को सम्मानित किया गया। यह आयोजन गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता, नवोदय के संस्कारों और देश-विदेश में फैले नवोदय परिवार की एकता का जीवंत उदाहरण बना।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं नवोदय के प्रेरणादायी गीत “हम नवयुग की नई भारती...” के सामूहिक गायन से हुआ। गणेश वंदना की मनमोहक प्रस्तुति ने समारोह को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की।

समारोह में सेवानिवृत्त डॉ उमेश चंद्र वाजपेई पूर्व उपायुक्त नवोदय विद्यालय समिति लखनऊ, अशोक कुमार शुक्ला पूर्व उपयुक्त नवोदय विद्यालय, अखिल कुमार शुक्ल पूर्व उपायुक्त नवोदय विद्यालय समिति पटना, एस राम पूर्व उपयुक्त नवोदय विद्यालय समिति पटना, बच्चा सिंह पूर्व आयुक्त नवोदय विद्यालय समिति भोपाल, जनार्दन सिंह सहायक आयुक्त नवोदय विद्यालय समिति लखनऊ, श्रीदेवी प्रसाद सिंह सहायक आयुक्त नवोदय विद्यालय समिति लखनऊ, श्री राजीव उपाध्याय पूर्व सहायक आयुक्त नवोदय विद्यालय समिति पटना, जेएस चौहान पूर्व प्रिंसिपल नवोदय विद्यालय लखनऊ, श्री कलाल पूर्व प्रिंसिपल नवोदय विद्यालय चित्रकूट, अजीत शुक्ल पूर्व प्रिंसिपल जवाहर नवोदय विद्यालय लखीमपुर,  चंद्रबली पूर्व प्रिंसिपल जवाहर नवोदय विद्यालय चंदौली, डॉ अमरनाथ राय प्राचार्य जवाहर नवोदय विद्यालय रायबरेली, एस के श्रीवास्तव प्रिंसिपल केवी रायबरेली, सुरेंद्र प्रसाद पूर्व प्रिंसिपल सुपोल बिहार, श्री चंदन बगिस पूर्व प्राचार्य जवाहर नवोदय विद्यालय गाज़ीपुर,  आरके सिंह पूर्व प्राचार्य जवाहर नवोदय विद्यालय जौनपुर,  दिनेश चंद्र मिश्रा अंग्रेजी शिक्षक जवाहर नवोदय विद्यालय बस्ती, गोपाल जी तिवारी पूर्व हिंदी शिक्षक जवाहर नवोदय विद्यालय मिर्जापुर, एचपी कनौजिया टीजीटी हिंदी जेएनवी प्रतापगढ़ सर, सहायक आयुक्त नवोदय विद्यालय समिति नोएडा, श्री योगेंद्र भक्त पूर्व प्राचार्य नवोदय विद्यालय बस्ती, श्रीमती संजू सिंह पूर्व फिजिकल एजुकेशन टीचर झारखंड गिरिडीह, श्री एसपी सिंह पूर्व आर्ट टीचर जवाहर नवोदय विद्यालय लखीमपुर, श्री शिवजी त्रिपाठी पूर्व पीजीटी बायोलॉजी कौशांबी, श्री जनार्दन उपाध्याय पूर्व सहायक आयुक्त लखनऊ, डॉ डीके त्रिपाठी पूर्व प्रिंसिपल जवाहर नवोदय विद्यालय सीधी मध्य प्रदेश, श्री महेश शर्मा पूर्व प्राचार्य हनुमंत नगर राजस्थान, सुधीर दीक्षित पूर्व प्राचार्य सिरोही राजस्थान, श्री जीप मिश्रा पूर्व प्राचार्य जवाहर नवोदय विद्यालय शिवपुरी मध्य प्रदेशएनवीएस लखनऊ की वर्तमान उपायुक्त श्रीमती संगीता जायसवाल एवं सहायक उपायुक्त श्री सुमन कुमार की गरिमामयी उपस्थिति भी रही।

वरिष्ठ शिक्षक एवं सेवानिवृत्त शिक्षक एवं कर्मचारी संयोजक  जी.पी. मिश्रा, पूर्व उप-प्रधानाचार्य, जेएनवी रायबरेली ने नवोदय की गुरु-शिष्य परंपरा और गुरुजनों के योगदान पर विस्तार से विचार रखे। पूर्व उपायुक्त श्री उमेश चंद्र बाजपेई ने नवोदय की गौरवशाली यात्रा के संस्मरण साझा किए। पूर्व प्राचार्य श्री जे.एस. चौहान ने नवोदय विद्यालयों की स्थापना के उद्देश्य एवं उसकी मूल भावना पर प्रकाश डाला। पूर्व उपायुक्त श्री एस. राम ने पूर्व विद्यार्थियों से जुड़े अनेक प्रेरक संस्मरण साझा किए। समारोह की अध्यक्षता सभागार के वरिष्ठतम सम्मानित सदस्य एवं पूर्व पीजीटी हिंदी श्री दिनेश राय ने की।

पूर्व छात्रों की ओर से उत्तर प्रदेश एटीएस के मुखिया एवं पुलिस महानिरीक्षक श्री प्रेम कुमार गौतम (आईपीएस) ने अपने प्रेरक विचार साझा किए। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के सचिव श्री सूर्यपाल गंगवार (आईएएस) ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अनुकरणीय माध्यम बताया। डीआईजी/जॉइंट कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर, लखनऊ श्री बबलू कुमार (आईपीएस) ने अपने संघर्षपूर्ण जीवन के संस्मरण साझा करते हुए भावुक होकर कहा कि आज वे जो कुछ हैं, उसमें नवोदय विद्यालय और उनके गुरुजनों का महत्वपूर्ण योगदान है।

अमरावती ग्रुप, लखनऊ के श्रीकांत मिश्रा ने नवोदय परिवार से अपने भावनात्मक जुड़ाव को व्यक्त करते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। प्रमुख सचिव, खाद्य एवं रसद विभाग, उत्तर प्रदेश श्री रणवीर प्रसाद ने नवोदय की विशिष्ट शिक्षक-विद्यार्थी परंपरा को दुनिया में अपनी तरह की अनूठी परंपरा बताया। विशेष सचिव, वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग श्री जग प्रवेश ने नवोदय से मिले संस्कार और अनुशासन को अपने जीवन की महत्वपूर्ण पूंजी बताया। नवोदय फैमिली वर्ल्डवाइड के अध्यक्ष श्री सीताराम नारोलिया ने नवोदय परिवार को जोड़ने के अपने अभियान और अनुभव साझा किए।

समारोह में देश-विदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने वाले अनेक पूर्व छात्र भी शामिल हुए। इनमें श्री प्रशांत कुमार (आईएएस, आयुक्त एवं निबंधक, सहकारिता विभाग), श्री रईस अख्तर (आईपीएस), श्री जग प्रवेश (आईएएस, विशेष सचिव, वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग), श्री विजय कुमार (विशेष सचिव, कार्मिक विभाग), श्री अमोल मुकुट (आईपीएस, एडीसीपी, पूर्वी जोन, लखनऊ), श्री विकास पांडेय (एसीपी, बीकेटी), श्री अनुराग सिंह (एडीएम), श्री अनिल सागर (एसडीएम, बाराबंकी), श्री जयप्रकाश सिंह (तहसीलदार, सदर लखनऊ), श्री राघवेंद्र त्रिपाठी (तहसीलदार, शाहजहांपुर), श्रीमती शालिनी तिवारी (तहसीलदार, रायबरेली), डॉ. वीरेंद्र प्रसाद एवं डॉ. मधुसूदन मिश्रा (केजीएमयू), श्री रविंद्र देव उपाध्याय (उपाध्यक्ष, विपणन, पेप्सिको), श्रीकांत मिश्रा (निदेशक, अमरावती ग्रुप), श्री विवेक तिवारी (प्रबंध निदेशक, सत्या माइक्रोफाइनेंस कैपिटल लिमिटेड), विश्वभूषण मिश्रा मुख्य कार्यकारी अधिकारी विश्वनाथ धाम वाराणसी,एडीएम संतोष उपाध्याय श्वेता तिवारी श्री विवेक वर्मा (शिक्षाविद एवं निदेशक, अप राइज अकादमी), डॉ. पंकज कुमार सिंह (वरिष्ठ चिकित्सक, बस्ती), श्री अजीत प्रताप सिंह, श्री अनुज गुप्ता, डॉ. नवीन वर्मा, डॉ. कृष्ण कुमार यादव, श्री जय सिंह, श्री सर्वेश श्रीवास्तव, सहायक आयुक्त जीएसटी श्री प्रवीण यादव, श्री कुमार (निदेशक, मंडी परिषद गोरखपुर), डॉ. उमेश चंद्र तरुण कौशिक सहित अनेक पूर्व छात्र उपस्थित रहे।

समारोह में उपस्थित न हो पाने वाले पूर्व छात्रों ने वीडियो संदेशों के माध्यम से अपनी भावनाएँ साझा कीं। इनमें श्री कृष्ण कुमार यादव (पोस्ट मास्टर जनरल, अहमदाबाद), श्री रणविजय वर्मा (महाप्रबंधक, भारतीय रेलवे, नई दिल्ली) तथा वरिष्ठ रेलवे अधिकारी डॉ. स्वामी प्रकाश पांडेय प्रमुख रहे।

आयोजन समिति के सदस्य श्री वेद प्रकाश राय ने स्वागत भाषण में देश-विदेश से आए नवोदय परिवार के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि यह आयोजन केवल सेवानिवृत्त गुरुजनों के सम्मान तक सीमित नहीं है, बल्कि नवोदय की गुरु-शिष्य परंपरा को जीवंत रखने, पूर्व छात्रों को एक सूत्र में जोड़ने और वर्तमान पीढ़ी तक नवोदय के संस्कार पहुंचाने का एक सतत प्रयास है। उन्होंने आयोजन की शुरुआत, उसकी मूल भावना तथा भविष्य की रूपरेखा पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का संचालन बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ की आईटी विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. राजश्री पांडेय एवं सशस्त्र सीमा बल के डिप्टी कमांडेंट श्री अवनीश चौबे ने किया। धन्यवाद ज्ञापन बॉम्बे हॉट नमकीन के प्रबंध निदेशक श्री अनिल दीप आनंद ने किया।

समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। नृत्यांजलि फाउंडेशन की निदेशक रागिनी श्रीवास्तव के निर्देशन में पर्णिका श्रीवास्तव, निखिल कसौधन, कृति सिंह चौहान एवं अनुराधा दुबे ने गणेश वंदना की मनमोहक प्रस्तुति दी। वहीं बीबीएयू के विद्यार्थियों ने समूह गान, समूह नृत्य एवं एकल गान की प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आईटी विभाग से अनुभव, बी.टेक. से ध्रुव एवं शिवम, योग विभाग से कल्पना एवं प्रगति तथा रसायन विज्ञान विभाग से साक्षी, जागृति एवं काव्या ने प्रस्तुतियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

आयोजन को सफल एवं भव्य बनाने में वेद प्रकाश राय, प्रज्ञा पांडेय, अनिल दीप आनंद, श्रीकांत मिश्रा, डॉ. राजश्री पांडेय, हरिशंकर गुप्ता, डॉ. नित्या वर्मा, डॉ. अनुराग मिश्रा सहित आयोजन समिति के सदस्यों एवं अनेक पूर्व छात्रों का विशेष सहयोग रहा।

समारोह के अंत में उपस्थित नवोदयन साथियों ने संकल्प लिया कि आने वाले वर्षों में इस आयोजन को और व्यापक एवं प्रभावशाली बनाया जाएगा तथा वर्तमान में अध्ययनरत नवोदय विद्यार्थियों के बीच गुरु-शिष्य परंपरा, संस्कार, अनुशासन और पूर्व छात्रों के मार्गदर्शन को और मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

समारोह ने यह संदेश स्पष्ट रूप से दिया कि नवोदय केवल एक विद्यालय नहीं, बल्कि गुरुजनों के संस्कारों से निर्मित एक ऐसा परिवार है, जिसकी आत्मीयता पीढ़ियों को जोड़ती है और जिसकी गुरु-शिष्य परंपरा समय के साथ और मजबूत होती जा रही है।

भवदीय
नवोदय परिवार
9453142055 | 8562988463

Sep 13, 2026

September 13, 2026

गोवंशों के चारा-पानी और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के निर्देश




राठ/ हमीरपुर - उपजिलाधिकारी चित्रा निर्वाल ने कस्बे के महोबा रोड स्थित नगर पालिका परिषद राठ की अस्थाई गौशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने गौशाला में संरक्षित गोवंशों के रखरखाव, चारा-पानी, साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने गोवंशों के लिए भूसा, हरा चारा और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने जिम्मेदार कर्मचारियों को निर्देश दिए कि गोवंशों की देखरेख में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और उन्हें पर्याप्त मात्रा में चारा-पानी उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने बीमार या कमजोर गोवंश मिलने पर तत्काल पशु चिकित्सक से परीक्षण कराकर उपचार कराने के निर्देश दिए। एसडीएम ने गौशाला परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने तथा सभी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रखने को कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप गोवंशों की देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।