गोण्डा - जनपद के करनैलगंज क्षेत्र में सरयू नदी के उत्तर तट पर स्थित पौराणिक और रहस्यमय जमदूतिया घाट पर आज वार्षिक मेले का भव्य आयोजन हुआ। सुबह से ही हजारों श्रद्धालुओं स्नान, दान हेतु तांता लग गया और इस दौरान सरयू के तट पर हर-हर महादेव और जय श्रीराम के जयकारे गूंजते रहे।
क्या है पौराणिक अध्ययन और मान्यता?
प्राचीन ग्रंथों और स्थानीय विद्वानों के अध्ययन के अनुसार इस घाट का नाम *जमदूतिया* इसलिए पड़ा क्योंकि सतयुग में यहां स्वयं यमराज और उनके दूतों ने तपस्या की थी। मान्यता है कि भगवान श्रीराम के काल में सरयू का मुख्य प्रवाह इसी घाट से होकर बहता था। शास्त्रों में सरयू का उत्तर तट मोक्षदायक बताया गया है।
स्थानीय पुजारियों के अनुसार कार्तिक मास में यहां गौ माता के साथ सरयू में स्नान करने से यम-यातना से मुक्ति मिलती है और अकाल मृत्यु टल जाती है। यही कारण है कि आज जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद के गौ आश्रय स्थलों में हुए गौ-पूजन के साथ इस घाट का विशेष धार्मिक संगम देखा गया।
किदवंतियों के मुताबिक है रहस्यमय घाट
बुजुर्ग बताते हैं कि अमावस्या की रात्रि में इस घाट पर बिना किसी के जलाए दीये सरयू में तैरते हुए दिखाई देते हैं, जिसे पितरों और यमदूतों की अदृश्य उपस्थिति का संकेत माना जाता है। कई साधकों ने यहां ध्यान के दौरान मंदिर की घंटियों और मंत्रों की ध्वनि सुनने की बात कही है।
आस्था का संगम व मेले का दृश्य
कातिकी द्वितीया के अवसर पर मंगलवार को मेले में दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने सरयू में आस्था की डुबकी लगाई। महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि के लिए दीपदान किया। घाट पर स्थित प्राचीन शिव मंदिर और राम-जानकी मंदिर में पूजा-अर्चना हुई। मेले में प्रसाद, खिलौने और स्थानीय व्यंजनों की दर्जनों दुकानें सजी थीं।
पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर रही पैनी नजर
मेले में उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए स्थानीय पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था पर पैनी नजर रखी जा रही थी। करनैलगंज थाने की पुलिस टीम पूरे मेला परिसर में मुस्तैद रही और भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
No comments:
Post a Comment