गोवर्धन पूजा के साथ नौ दिवसीय श्री कामधेनु गौ आराधना महोत्सव का आगाज, गौमाता की सेवा और रक्षा का लिया संकल्प
करनैलगंज/ गोण्डा - करनैलगंज स्थित श्री सिया जू कामधेनु गौ सेवा धाम में मंगलवार को गौ नवरात्रि का शुभारंभ श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ किया गया। प्रथम दिवस पर गोवर्धन पूजा का आयोजन कर नौ दिवसीय द्वितीय श्री कामधेनु गौ आराधना महोत्सव का विधिवत शुभारंभ हुआ।
इस अवसर पर गौशाला के गौसेवक आकाश वर्मा एवं अर्नब शुक्ला द्वारा गोबर से गिरधरलाल गोवर्धनधारी का सुंदर स्वरूप तैयार किया गया। इसके उपरांत राजू सोनी, नीलू सोनी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गौमाता का पूजन किया गया तथा भगवान गोवर्धन की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालुओं ने गौमाता की रक्षा, सेवा एवं संरक्षण का संकल्प लिया।
गौशाला के संस्थापक अध्यक्ष कनक बिहारी दास एवं विशाल कौशल ने बताया इस नौ दिवसीय महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन कई गोभक्त श्री सिया जू कामधेनु गौ सेवा धाम पहुंचकर गौसेवा करेंगे। महोत्सव के दौरान गौसेवा, धार्मिक अनुष्ठान एवं जनजागरण के माध्यम से समाज को गोवंश संरक्षण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।
महोत्सव का मुख्य आकर्षण गोपाष्टमी के पावन अवसर पर आयोजित होने वाला 21 कुंडीय श्री कामधेनु महायज्ञ रहेगा। इसके साथ ही सायंकालीन बेला में भव्य जागरण, गौसेवक सम्मान समारोह तथा भंडारा एवं महाप्रसाद का आयोजन किया जाएगा।
No comments:
Post a Comment