Sep 1, 2026

दशमोत्तर छात्रवृत्ति के लिए पोर्टल खुला, पात्र छात्रों को मिलेगा लाभ






समय-सारिणी के अनुसार शिक्षण संस्थानों एवं विश्वविद्यालयों को कार्रवाई के निर्देश

गोण्डा-  दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजनान्तर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में विभिन्न कारणों से छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति से वंचित रह गए पात्र छात्रों को लाभान्वित करने के लिए शासन द्वारा पोर्टल खोले जाने तथा समय-सारिणी निर्धारित की गई है। इसके तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के ऐसे छात्र, जिनके आवेदन शिक्षण संस्थाओं से अग्रसारित नहीं हो सके, पीएफएमएस से रिजेक्ट हो गए अथवा डाटा एवं तकनीकी त्रुटियों के कारण भुगतान से वंचित रह गए हैं, उनके आवेदनों में आवश्यक सुधार कर भुगतान की कार्रवाई की जाएगी।

निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार शिक्षण संस्थानों द्वारा 01 से 07 सितम्बर तक मास्टर डाटा तैयार किया जाएगा। विश्वविद्यालय/एफिलियेटिंग एजेंसी द्वारा 02 से 08 सितम्बर तक फीस आदि का सत्यापन तथा 03 से 10 सितम्बर तक रिजल्ट अपडेट किया जाएगा। एनआईसी द्वारा 11 से 15 सितम्बर तक स्क्रूटनी की जाएगी।

इसके बाद शिक्षण संस्थानों के स्तर से त्रुटिपूर्ण आवेदनों को 16 से 18 सितम्बर तक सही किया जाएगा तथा 17 से 19 सितम्बर तक सत्यापित एवं पात्र डाटा अग्रसारित किया जाएगा।

जिला प्रशासन की ओर से जनपद के समस्त शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने स्तर से तथा संबंधित विश्वविद्यालय/एफिलियेटिंग एजेंसी के स्तर से की जाने वाली सभी आवश्यक कार्रवाई निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करें, ताकि पात्र छात्रों को चालू वित्तीय वर्ष में नियमानुसार छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि हस्तांतरित की जा सके।

विस्तृत जानकारी एवं समय-सारिणी छात्रवृत्ति पोर्टल www.scholarship.up.nic.in से प्राप्त की जा सकती है।

No comments: