Sep 6, 2026

निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों को उपलब्ध कराई गई स्वास्थ्य सेवाएं

गोण्डा  -  रविवार को 9ः00 बजे से दोपहर 01ः00 बजे तक रिजर्व पुलिस लाइन गोण्डा स्थित ’’अमर शहीद राजेन्द्र नाथ लाहिड़ी बहुउद्देशीय हॉल’’ में ’’वामा वेलनेस कैम्प’’ के अंतर्गत निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में होम्योपैथिक एवं जिला अस्पताल की चिकित्सकीय टीम द्वारा पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारजनों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराना रहा। शिविर के दौरान चिकित्सकों द्वारा उपस्थित पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों का स्वास्थ्य परीक्षण करते हुए उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी ली गई तथा आवश्यकतानुसार चिकित्सकीय परामर्श एवं दवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में एलोपैथिक चिकित्सक डॉ0 शिवपाल मौर्य, फार्मासिस्ट ऋषभ श्रीवास्तव, एल0टी0 आयुषी श्रीवास्तव, ’’होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ0 जितेन्द्र कुमार, फार्मासिस्ट ननकू सिंह सहित चिकित्सकीय टीम द्वारा अपनी सेवाएं प्रदान की गईं। चिकित्सकीय टीम द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने तथा संतुलित जीवनशैली अपनाने के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं परामर्श दिया गया। गोण्डा पुलिस द्वारा इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन का उद्देश्य पुलिस बल के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखना, पुलिसकर्मियों को स्वस्थ एवं कार्यक्षम बनाए रखना तथा उनके कल्याण से संबंधित सुविधाओं को प्रभावी रूप से उपलब्ध कराना है। शिविर में उपस्थित पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु चिकित्सकीय टीम के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

No comments: