Sep 5, 2026

शिक्षक दिवस पर सरयू डिग्री कॉलेज में गुरुजनों का हुआ सम्मान, शिक्षा के साथ संस्कार देने का लिया संकल्प

करनैलगंज, गोंडा। शिक्षक दिवस के अवसर पर सरयू डिग्री कॉलेज, करनैलगंज में शनिवार को गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन, दीप प्रज्वलन एवं डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ।

समारोह को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. बी. सिंह ने कहा कि शिक्षक केवल पुस्तकीय ज्ञान देने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, चरित्र और भविष्य का निर्माता होता है। उन्होंने कहा कि एक श्रेष्ठ शिक्षक समाज को दिशा देने वाली पीढ़ी तैयार करता है।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने शिक्षक दिवस की महत्ता पर अपने विचार व्यक्त किए। विद्यार्थियों द्वारा शिक्षकों के सम्मान में कविता, भाषण एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी प्रस्तुत की गईं। कार्यक्रम के दौरान गुरु-शिष्य परंपरा, शिक्षा के महत्व तथा राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया।

समारोह में डॉ. शैलेन्द्र बहादुर सिंह, डॉ. मार्शल स्टालिन, डॉ. त्रिपुरारी दुबे, डॉ. ममता मिश्रा, डॉ. अन्तिमा सिंह, डॉ. पवन कुमार मिश्रा, जगन्नाथ तिवारी, एस. पी. सिंह, ओ. पी. सिंह, शिव कुमार मौर्य, विजय यादव, बृजेश सिंह, अमित सिंह, स्वामी नाथ चौधरी, राहुल श्रीवास्तव, आशीष सिंह सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि “शिक्षक वह दीपक है जो स्वयं जलकर विद्यार्थियों के जीवन में ज्ञान का प्रकाश फैलाता है।” शिक्षकों ने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम, नैतिक मूल्यों एवं राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का भाव अपनाने के लिए प्रेरित किया।

समारोह के अंत में महाविद्यालय परिवार की ओर से सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया गया।

सरयू डिग्री कॉलेज परिवार ने शिक्षक दिवस के अवसर पर समस्त शिक्षक समाज को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

No comments: