Sep 18, 2026

डीएम की अध्यक्षता में भारत जनगणना-2027 को लेकर जिला स्तरीय कोऑर्डिनेशन कमेटी की बैठक सम्पन्न



जनगणना कार्यों को समयबद्ध, त्रुटिरहित एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के निर्देश:-जिलाधिकारी


गोण्डा - कलेक्ट्रेट सभागार में भारत जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना की तैयारियों के संबंध में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जनगणना कोऑर्डिनेशन कमेटी की बैठक आयोजित की गई। 

बैठक के साथ ही जिला एवं चार्ज स्तरीय अधिकारियों का प्रशिक्षण भी सम्पन्न कराया गया। इस दौरान जनगणना कार्यों की रूपरेखा, अधिकारियों की जिम्मेदारियों तथा गणना प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भारत जनगणना-2027 एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने जनगणना से जुड़े सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण कराने तथा गणना प्रक्रिया में शुद्धता, पारदर्शिता और समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनसंख्या से संबंधित विश्वसनीय एवं सटीक आंकड़े देश और प्रदेश के विकास की योजनाओं के निर्माण एवं क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

प्रशिक्षण के दौरान जिला एवं चार्ज स्तरीय अधिकारियों को जनगणना कार्य की विभिन्न प्रक्रियाओं, दायित्वों एवं आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अपने-अपने क्षेत्र में जनगणना से संबंधित कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए अधीनस्थ कार्मिकों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करें। प्रशिक्षण में जनगणना कार्य को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित करने तथा प्राप्त सूचनाओं की शुद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के जनसंख्या गणना कार्य को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें, ताकि जनगणना कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप सुचारु एवं प्रभावी ढंग से पूरा हो सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व प्रमोद झा, उपजिलाधिकारी सदर गोण्डा, उपजिलाधिकारी तरबगंज सविता शुक्ला, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जनगणना प्रशिक्षक विनीत मिश्र, खण्ड शिक्षा अधिकारीगण, अधिशासी अधिकारी नगरपालिका एवं नगर पंचायत सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments: