Jul 16, 2026

देवीपाटन आयुक्त ने श्रावस्ती, बलरामपुर के अधिकारियों की प्रशंसा; 'किसान चकरोड मुक्त' व फोल्डेबल स्टडी टेबल को सुशासन का मॉडल बताया

 देवीपाटन आयुक्त ने श्रावस्ती, बलरामपुर के अधिकारियों की प्रशंसा; 'किसान चकरोड मुक्त' व फोल्डेबल स्टडी टेबल को सुशासन का मॉडल बताया

बहराइच, — देवीपाटन मण्डल की आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने मण्डलीय जनपदों — गोंडा, बहराइच, बलरामपुर एवं श्रावस्ती — से प्राप्त रिपोर्टों के आधार पर श्रावस्ती व बलरामपुर में जनहित और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों की खुलेआम सराहना की। आयुक्त ने श्रावस्ती के ’किसान चकरोड मुक्त अभियान’ और बलरामपुर में पेरित फोल्डेबल स्टडी टेबल वितरण को सुशासन, जनसेवा और परिणाम-आधारित प्रशासन के उत्कृष्ट उदाहरण बताया।आयुक्त ने अपने पत्रों में श्रावस्ती की जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग व मुख्य विकास अधिकारी शाहिद तथा बलरामपुर के जिलाधिकारी विपिन जैन व मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि मण्डलीय अधिकारियों के अथक प्रयासों से दोनों जिलों का नाम रोशन हो रहा है और जनता को वास्तविक बदलाव मिल रहा है।रिपोर्ट के मुताबिक जून माह में मण्डल के चारों जनपदों में कुल 2,456 चक अतिक्रमण मुक्त कराए गए तथा चक मार्गों पर मिट्टी पटाई/खड़ंजा/इंटरलॉकिंग का कार्य 498 स्थानों पर हुआ। धारा 67 के अंतर्गत चक मार्गों पर अतिक्रमण से संबंधित 113 मामलों की पहचान हुई और 24 वादों का निस्तारण भी किया गया।आयुक्त ने पत्र में कहा कि चकरोड ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आवागमन की जीवनरेखा हैं। चकरोडों पर अतिक्रमण या उनके बाधित होने से किसानों, ग्रामीणों व वरिष्ठ नागरिकों को भारी कठिनाई होती है। इसलिए चकरोडों को अतिक्रमण मुक्त कर जनोपयोगी बनाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने उल्लेख किया कि श्रावस्ती ने सीमांकन, अवैध अतिक्रमण हटाने, मिट्टी पटाई, खड़ंजा व इंटरलॉकिंग निर्माण जैसे कार्यों में देवीपाटन मण्डल के चारों जनपदों में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि प्रभावी कार्ययोजना, नियमित मॉनिटरिंग व जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का नतीजा है।बलरामपुर के संबंध में आयुक्त ने बताया कि जिलाधिकारी व उनके सहयोगी अधिकारियों की पहल से बेसिक शिक्षा विभाग के 1,817 परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के 16,155 छात्र-छात्राओं को फोल्डेबल स्टडी टेबल उपलब्ध कराए गए। इस नवाचार से बच्चों को पढ़ने-लिखने के बेहतर साधन मिले हैं, विद्यालयों में उपस्थिति व ठहराव में सुधार हुआ है तथा शिक्षा के प्रति रूचि बढ़ी है। दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि बलरामपुर ने पिछले माह शिक्षा के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश के शीर्ष-5 जनपदों में स्थान हासिल कर मण्डल में सर्वोच्च प्रदर्शन दर्ज करवाया।आयुक्त ने जोर देते हुए कहा कि प्रशासन की सफलता योजनाओं के संचालन तक सीमित नहीं रहती, बल्कि उसका मूल्यांकन जनता के जीवन में आए सकारात्मक परिवर्तन से होता है। उन्होंने श्रावस्ती व बलरामपुर के अधिकारियों से उम्मीद जताई कि वे भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता, नवाचार और जनसेवा की भावना के साथ काम करते हुए शासन की जनकल्याणकारी पहलों को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारेंगे और सुशासन के नए मानक स्थापित करेंगे।

No comments: