गोण्डा - वादी मो० आलम पुत्र आजाद हुसैन, निवासी ग्राम मंगुरा बाजार थाना उमरी बेगमगंज जनपद गोण्डा द्वारा थाना को0 देहात में लिखित तहरीर दी गयी कि दिनांक 26.07.2026 को सायं लगभग 07ः00 बजे वह अपने मित्र रमेश तिवारी की कपड़े की दुकान से अपनी हीरो स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल से घर वापस जा रहे थे। रास्ते में मुरावनपुरवा के पास सड़क किनारे दो मोटरसाइकिलों के साथ खड़े चार अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें रोककर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं और वह मोटरसाइकिल सहित गिर पड़े। इस दौरान अभियुक्त उनकी मोटरसाइकिल, डिग्गी में रखे ₹10,000/- नगद तथा उनका वीवो मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। वादी की लिखित तहरीर के आधार पर थाना को0 देहात में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गोण्डा द्वारा घटना के शीघ्र एवं सफल अनावरण हेतु 04 पुलिस टीमों का गठन कर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। गठित टीमों द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक एवं अन्य साक्ष्यों का संकलन एवं विश्लेषण करते हुए अभियुक्तों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए प्रभावी प्रयास किए गए। इसी क्रम में आज दिनांक 29.07.2026 को थाना कोतवाली देहात पुलिस टीम बाबाकुटी चौराहे पर संदिग्ध व्यक्ति/वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान तीन मोटरसाइकिलों पर सवार सात व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर भागने लगे। पुलिस द्वारा घेराबंदी कर शिवम उपाध्याय निवासी मन्नीपुरवा थाना तरबगंज जनपद गोण्डा तथा 03 विधि का उल्लंघन करने वाले किशोरों को पकड़ लिया गया, जबकि उनके 03 अन्य साथी मौके से फरार हो गए। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 01 अपाचे मोटरसाइकिल, 03 एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा लूट की राशि में से ₹4,250 नकद बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के विरूद्ध थाना को0 देहात पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही कर न्यायालय रवाना किया गया।
Jul 29, 2026
लूट की घटना का खुलासा, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, 03 मोबाइल फोन व ₹4,250 बरामद
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment