कैसरगंज — मोहर्रम पर सुरक्षा सख्त: थाना अध्यक्ष ने बढ़ौली में किया ड्रोन निरीक्षण
बहराइच/कैसरगंज थाना अध्यक्ष राजकुमार पांडेय ने आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने के लिए बढ़ौली गांव का भ्रमण कर ताजिया जुलूस के मार्ग का ड्रोन कैमरे से गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मार्ग की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था, साफ‑सफाई व संभावित संवेदनशील स्थलों का विस्तृत जायजा लिया गया।थाना अध्यक्ष ने मौके पर मौजूद ग्राम प्रधान और संबंधित जिम्मेदारों को ताजिया मार्ग पर साफ‑सफाई, जल निकासी तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएँ समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मोहर्रम आपसी भाईचारे व शांति का प्रतीक है और इसे यही भावना बनाए रखते हुए मनाया जाना चाहिए।राजकुमार पांडेय ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से किसी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है। उन्होंने चेतावनी दी कि माहौल खराब करने, अफवाह फैलाने या दंगा‑फसाद कराने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यदि कोई व्यक्ति सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने या शांति भंग करने का प्रयास करेगा तो उसके विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।पुलिस बल ने ग्रामीणों से संवाद कर शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया। क्षेत्रीय नागरिकों ने भी पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।


No comments:
Post a Comment