Jun 22, 2026

लखनऊ-बहराइच हाइवे पर दर्दनाक हादसा: दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल

 लखनऊ-बहराइच हाइवे पर दर्दनाक हादसा: दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल

बहराइच। लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।मिली जानकारी के मुताबिक कैसरगंज थाना क्षेत्र के भकरौली गांव निवासी तीन युवक अपाचे मोटरसाइकिल से बाराबंकी जनपद के सिरौली गौसपुर स्थित अपनी बहन के घर एक वर्षीय भांजे के मिट्टी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। सुबह करीब सात बजे जब उनकी बाइक मुस्तफाबाद मोड़ के पास पहुंची, तभी अचानक संतुलन बिगड़ गया और अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे बनी पुलिया से टकराकर गहरे गड्ढे में जा गिरी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में राममिलन (20) पुत्र फकीरे और बुधई (30) पुत्र श्यामलाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रामकृष्ण पुत्र फकीरे गंभीर रूप से घायल हुआ। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्तफाबाद पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बाइक का संतुलन बिगड़ने से दुर्घटनास्थल पर गिरने के कारण हादसा हुआ प्रतीत होता है। पुलिस घटना के हर पहलू की तफ्तीश कर रही है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और मृतकों के गांव में शोक का सन्नाटा पसरा हुआ है।

No comments: