गोण्डा - जनपद में एआरटीओ (प्रशासन) आर.सी. भारतीय के नेतृत्व में मुन्नन खां चौराहा पर सीओ ट्रैफिक गोण्डा एवं टीआई गोण्डा के साथ मिलकर संयुक्त सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियम जांच/प्रवर्तन अभियान चलाया गया।
इस अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करना तथा आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
नियम उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई
अभियान के दौरान बिना ड्राइविंग लाइसेंस (नो डीएल), बिना हेलमेट (नो हेलमेट) तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान कुल 21 दोपहिया वाहनों को सीज किया गया। इसके अतिरिक्त 168 वाहनों का चालान किया गया, जो विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन में पाए गए।
स्कूल बस एवं शादी समारोह वाहनों पर सख्ती
जांच के दौरान एक स्कूल बस, जो शादी समारोह में सवारियों को ले जा रही थी, उसकी परमिट एवं फिटनेस फेल पाई गई। सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के कारण उक्त बस को भी सीज किया गया। इसी प्रकार शादी समारोह में उपयोग किए जा रहे 4 अन्य वाहनों का भी चालान किया गया। इन सभी वाहनों में यात्री सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी पाई गई।
खतरनाक ड्राइविंग पर कठोर कार्रवाई
अभियान के दौरान एक 6 सीटर बोलेरो वाहन में लगभग 20 यात्रियों को ठूंसकर खतरनाक एवं ओवरस्पीड तरीके से वाहन चलाते हुए पाया गया। यह गंभीर यातायात उल्लंघन एवं जनसुरक्षा के लिए खतरा होने के कारण उक्त वाहन को थाना इटियाथोक में सीज किया गया। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि इस प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग करें तथा ओवरलोडिंग एवं खतरनाक ड्राइविंग से बचें, जिससे सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके और सभी की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
No comments:
Post a Comment